मुरादाबाद। रेल पुलिस चौकी के पास रविवार शाम जहरखुरानी गिरोह के सदस्यों ने ई-रिक्शा चालक को नशीली कोल्ड ड्रिंक पिलाकर बेहोश कर दिया। इसके बाद जहरखुरान ई रिक्शा लूटकर भाग गए। होश में आने के बाद चालक ने सिविल लाइंस थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराने को तहरीर दी है।
सिविल लाइंस के फकीरपुरा निवासी कमल ई-रिक्शा चालक है। रविवार शाम उसके ई-रिक्शा में फकीरपुरा से ताड़ीखाना चौराहे के लिए दो व्यक्ति सवार हुए थे। वह सिविल लाइंस क्षेत्र में डीआरएम दफ्तर के सामने वाली सड़क से होते हुए ताड़ीखाना चौराहे पर जा रहा था। रास्ते से दो और युवक ई रिक्शे में सवार हो गए थे। कमल ने बताया कि रेल पुलिस चौकी के पास मनोकामना मंदिर के पास सवारियां बनकर ई रिक्शा में बैठे जहरखुरानों ने चालक से ई रिक्शा रुकवा लिया और कोल्ड ड्रिंक पीने लगे। इस दौरान कमल को भी कोल्ड ड्रिंक पिला दी। कोल्डड्रिंक पीने के बाद कमल बेहोश हो गया। चालक को सड़क किनारे लेटाकर जहर खुरान ई रिक्शा लूटकर भाग गए। कमल ने बताया कि उसे कई घंटे बाद होश आया। इसके बाद वह अपने घर पहुंचा और परिजनों को आपबीती सुनाई।
सोमवार सुबह कमल सिविल लाइंस थाने पहुंचा और उसने रिपोर्ट दर्ज कराने को तहरीर दी। सीओ सिविल लाइंस आशुतोष तिवारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर जहरखुरानों की तलाश की जाएगी।