मुरादाबाद। नगर निगम की टीम ने सोमवार को कांठ रोड पर अकबर के किले से विवेकानंद अस्पताल तक सड़क के दोनों ओर अतिक्रमण हटाया। इस दौरान नाले पर बनाए गए स्थायी अतिक्रमण को अस्पताल प्रबंधन ने खुद हटा लेने का अनुरोध किया तो निगम टीम ने 24 घंटे का नोटिस देकर छोड़ दिया। टीम ने 20 अस्थायी अतिक्रमण हटाए। साथ ही सड़क पर अतिक्रमण कर सामान रखने वाले 14 लोगों से 8200 रुपये जुर्माना वसूला गया। अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत नगर निगम का प्रवर्तन दल सोमवार सुबह कांठ रोड स्थित अकबर के किले पहुंची। यहां से पर्यावरण अभियंता एसके राठी और कर अधीक्षक मंगल सिंह पापड़ा की अगुवाई में टीम ने विवेकानंद अस्पताल तक सड़क के दोनों ओर अतिक्रमण हटाया। इस दौरान टीम को एक अस्पताल के आगे नाले पर स्लैब डाल कर स्थायी निर्माण मिला। टीम पहुंची तो अस्पताल प्रबंधन ने उसे स्वयं तोड़ लेने की बात कही। टीम 24 घंटे का अल्टीमेटम देकर आगे बढ़ गई। इस मार्ग पर 20 स्थानों पर अस्थायी अतिक्रमण मिला जिसे ध्वस्त कर दिया गया, सामान भी जब्त किया गया। अतिक्रमण हटाओ अभियान के चलते लोगों में अफरातफरी मची रही। इस दौरान जेई किशन लाल, शिवमोहन, कर निरीक्षक केशव विश्नोई, मयंक चौधरी के अलावा प्रवर्तन दल के जवान मौजूद रहे।