मुलायम सिंह और भूपेन्द्र चौधरी (फाइल फोटो)
- फोटो : अमर उजाला
मुलायम सिंह यादव के खिलाफ संभल से लोकसभा चुनाव लड़ चुके भाजपा प्रदेश अध्यक्ष चौधरी भूपेंद्र सिंह ने नेताजी के निधन पर दुख जताया है। उन्होने कहा कि नेता जी का जाना प्रदेश के लिए बड़ी क्षति है। इसकी भरपाई नहीं हो सकती है। उनके निधन से एक समाजवादी युग का अंत हो गया।
साल 1999 में मुलायम सिंह यादव ने संभल से लोकसभा का चुनाव लड़ा था। उनके खिलाफ भाजपा ने वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष चौधरी भूपेंद्र सिंह को अपना उम्मीदवार बनाया था। उस समय भूपेंद्र चौधरी जिलाध्यक्ष थे। चुनाव से जुड़े संस्मरण के बारे में भूपेंद्र सिंह का कहना है कि मुलायम सिंह के खिलाफ लड़ा गया चुनाव में मेरा पहला चुनाव था। इससे पहले मैंने कोई चुनाव नहीं लड़ा था। मुलायम सिंह बड़े नेता थे। वह क्षेत्र में चुनाव प्रचार के लिए शायद एकाध बार ही गये होंगे। चुनाव में मेरी उनसे मुलाकात नहीं हुई थी। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि व्यक्तिगत तौर पर भी नेताजी से कभी मिलना नहीं हुआ। उनके चुनाव की कमान रामगोपाल यादव ने संभाल रखी थी।