ठाकुरद्वारा। नगर में बुधवार को स्योहारा मार्ग पर निजी बसों को सड़क पर खड़ा करने से पूरे दिन करीब चार किमी लंबा जाम लगा रहा। इससे इससे वहां से गुजरने वाले वाहन चालकों और भैया दूज मनाने जा रहे परिवारों को भारी परेशानी हुई। नगर में इस समय बाबू रामपाल द्वार के पास स्योहारा, सुरजननगर, जसपुर, कांठ मार्ग पर चलने वाली निजी बसों को सड़क के पास खड़ा करके अवैध रूप से बस स्टैंड का संचालन किया जा रहा है। पहले यहां पर तीन बसें खड़ी होती थी लेकिन अब बाबू रामपाल द्वार से लेकर जसपुर मोड़ तक इस मार्ग पर चलने वाली करीब 50 बसें सड़क पर खड़ी रहती हैं। इससे चौड़ाई कम हो जाने से सड़क से गुजरने वाले अन्य वाहन फंस जाते हैं और जाम लग जाता है। पिछले दिनों प्रशासन ने अभियान चलाकर सड़क किनारे खड़ी होने वाली बसों को हटा दिया था। लेकिन अब कुछ दिन से मार्गों पर चलने वाली सभी निजी बसें सड़क पर खड़ी हो रही है जिससे हर समय यहां जाम की स्थिति बनी रहती है। बुधवार को भी तिकोनिया से जसपुर मोड़ तक करीब चार किमी लंबा जाम लगा रहा। इस बारे में एसडीएम प्रीति सिंह का कहना है कि उन्होंने नगर पालिका की अधिशासी अधिकारी को कार्रवाई के आदेश दिए थे। उनका कहना है कि इस समस्या के संबंध में वह फिर से अधिशासी अधिकारी से वार्ता करेंगी। समस्या का समाधान करने का प्रयास किया जाएगा।