मंडी धनौरा। विकास खंड की ग्राम पंचायत मलेशिया में जिला पंचायत द्वारा कराए जा रहे नाला निर्माण में ठेकेदार द्वारा घटिया निर्माण सामग्री लगाने पर ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया। ग्रामीणों का आरोप था कि मानक से कम सामग्री लगाई जा रही थी और नाला सीधा नहीं बनाया जा रहा है। ग्रामीणों ने नाला निर्माण का काम बंद करा दिया।
सरकारी मशीनरी के लोकसभा चुनाव में व्यस्त होने के कारण निर्माण कार्य में गुणवत्ता की कमी की जा रही है। ग्राम पंचायत मलेशिया में पानी की निकासी के लिए जिला पंचायत द्वारा नाला निर्माण कराया जा रहा है। सोमवार को ग्रामीणों को ठेकेदार द्वारा नाला निर्माण में मानक से कम सामग्री लगाने की जानकारी मिलने पर उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया। ग्रामीणों का कहना था कि नाला निर्माण सड़क से तीन मीटर की दूरी पर बनाया जाना चाहिए लेकिन ठेकेदार द्वारा सड़क के बराबर में ही नाला बनाया जा रहा है। ग्रामीणों ने नाला निर्माण का काम रुकवा दिया। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से नाला निर्माण मानक के अनुसार बनाने की मांग की है।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान हरीश यादव, राजू यादव, ब्रह्मपाल सिंह, कपिल कुमार, नेत्रपाल सिंह, शिवम यादव आदि मौजूद थे। उधर, एसडीएम चंद्रकांता का कहना है कि अभी इस तरह के मामले किसी ने उनसे शिकायत नहीं की है। फिर भी टीम मौके पर भेजकर जांच कराई जाएगी।
-