मुरादाबाद। जुबिलेंट एग्रीकल्चर रूरल डवलपमेंट सोसायटी के मुख्य कार्यकारी डॉ. दीपक मेंदीरत्ता को राष्ट्र स्तर पर सर्वोत्तम प्रशिक्षण केंद्र संचालन के लिए सम्मानित किया गया। दिल्ली के नार्थ कांप्लेक्स में बृहस्पतिवार को आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि मंत्रालय की सचिव शुभा ठाकुर ने सम्मान के रूप में उनके द्वारा संचालित तीनों सेंटरों के लिए आठ लाख रुपये का चेक और प्रशस्तिपत्र प्रदान किया।
राष्ट्रीय कृषि विस्तार प्रबंधन संस्थान राजेंद्रनगर हैदराबाद की ओर आयोजित इस राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम में 138 नोडल केंद्रों के संचालकों व करीब 1500 प्रशिक्षणार्थियों ने भाग लिया। कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय की ओर से किसानों को बेहतर प्रशिक्षण के लिए मैंदिरत्ता की देखरेख में संचालित मुरादाबाद, आगरा और गोरखपुर के कृषि उद्यमिता स्वरोजगार परख प्रशिक्षण केंद्र को यह सम्मान दिया गया। डॉ. मेंदीरत्ता ने बताया कि इसके लिए आगरा और मुरादाबाद के लिए तीन-तीन लाख व गोरखपुर के लिए दो लाख रुपये का चेक और प्रशस्तिपत्र उन्हें प्रदान किया गया। इस मौके पर देश के 82 कृषि प्रशिक्षण प्राप्त उद्यमियों को भी सम्मानित किया गया। जिसमें से 16 लोग मुरादाबाद के रहे। इस मौके पर राष्ट्रीय कृषि विस्तार प्रबंधन संस्थान के महानिदेशक डॉ. पी चंद्रशेखर, राष्ट्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक की महाप्रबंधक निवंदिता तिवारी भी मौजूद रहीं।