महिला की शिकायत पर मझोला पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का केस दर्ज किया है। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।
मझोला के जयंतीपुर चौकी क्षेत्र निवासी महिला की शादी 18 जुलाई 2021 को नेता कालोनी मझोला निवासी युवक से हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल के लोग उसे दहेज के लिए ताना मारने लगे। दो ननदों ने धमकी देकर उसके गहने छीन ली और आपस में बांट लीं। ससुराल वाले दहेज में एक लाख रुपये और बाइक नहीं देने पर उसको प्रताड़ित करने लगे। ससुर ने भी पति की गैर मौजूदगी में पीड़िता के साथ अश्लील हरकतें की। एक दिन ससुर ने पीड़िता के साथ दुष्कर्म की कोशिश भी की। ससुर की हरकतों और दहेज मांगने का विरोध किया तो 31 अक्तूबर 2022 ससुरालियों ने मारपीट कर उसको घर से निकाल दिया। महिला ने पुलिस को बताया कि ससुरालियों से उसके जानमाल को खतरा बना हुआ है। इसलिए एसएसपी को तहरीर दी थी। एसएसपी के आदेश से मझोला पुलिस ने आरोपी पति, ससुर और दो ननद के खिलाफ दहेज प्रताड़ना, मारपीट, छेड़छाड़ समेत अन्य गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है। मझोला थाना प्रभारी संजय कुमार पांचाल ने बताया कि इस मामले में विवेचना के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।