स्ट्रांग रूम और वेयर हाउस का किया निरीक्षण
डीएम ने मंडी में स्ट्रांग रूम और जिला निर्वाचन कार्यालय स्थित वेयर हाउस का निरीक्षण किया। दोनों स्थानों पर सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। आम लोगों का दोनों स्थानों पर जाना प्रतिबंधित है। डीएम मानवेंद्र सिंह ने जिला निर्वाचन कार्यालय स्थित ईवीएम वेयर हाउस का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वीवी पैट कमिशनिंग कार्य के बारे में जानकारी ली। निरीक्षण के बाद डीएम ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
प्रशिक्षण में 62 कर्मचारी रहे गैरहाजिर
लोकसमा चुनाव के लिए पीठासीन अधिकारियों और मतदान अधिकारियों ने दो पालियों में प्रशिक्षण प्राप्त किया। इस दौरान 62 कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। डीएम ने इस मामले में गैरहाजिर कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। कांठ रोड स्थित राजकीय पॉलिटेक्निक (पुरुष) एवं राजकीय पॉलिटेक्निक (महिला), में दो पालियों के दौरान कर्मचारियों ने मतदान के लिए प्रशिक्षण हासिल किया।
दोनों पालियों में कुल 546 पीठासीन अधिकारियों की तुलना में 528 पीठासीन अधिकारी उपस्थित रहे। इस दौरान 18 पीठासीन अधिकारी अनुपस्थित रहे। कुल 546 प्रथम मतदान अधिकारियों की तुलना में 532 प्रथम मतदान अधिकारी उपस्थित रहे।
14 प्रथम मतदान अधिकारी अनुपस्थित रहे। 546 द्वितीय मतदान अधिकारियों में 532 ही मौजूद रहे। इस दौरान 14 द्वितीय मतदान अधिकारी अनुपस्थित रहे। 548 तृतीय मतदान अधिकारियों में से 530 लोग मौजूद रहे। 16 तृतीय मतदान अधिकारी अनुपस्थित रहे। इस प्रकार दोनों पालियों में 2122 कर्मचारी उपस्थित पाए गए।
पीठासीन अधिकारी तय करेंगे कि कहां तक आएंगे मीडियाकर्मी
पीठासीन अधिकारी तय करेंगे कि मतदान के दौरान मीडियाकर्मी किस स्थान पर रहेंगे। मतदान के दौरान प्रत्याशियों के एजेंट भी बाहर की रहेंगे। डीएम मानवेंद्र सिंह ने कलक्ट्रेट सभागार में बुधवार को मीडिया सहभागिता और माॅनीटरिंग कार्यशाला के दौरान चुनाव के संबंध में अहम जानकारियां दी।
उन्होंने बताया कि मतदान केंद्र के 200 मीटर की एरिया में रोक रहती है। मतदाताओं की लाइन का फोटो मीडियाकर्मी खींच सकेंगे। आदर्श आचार संहिता का प्रत्येक दशा में पालन किया जाएगा। यदि कहीं आचार संहिता का उल्लंघन करेगा तो कार्यवाही की जाएगी।
लोगों को चुनाव की गड़बड़ियों और शिकायतों के संबंध में जानकारी देने के लिए आम लोग सी-विजिल एप को डाउनलोड करना चाहिए। इस दौरान एसएसपी हेमराज मीना, अपर जिलाधिकारी प्रशासन गुलाब चंद्र, एडीएम वित्त एवं राजस्व सत्यम मिश्र और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।