मुरादाबाद। सावन के तीसरे सोमवार को लेकर शुक्रवार शाम चार बजे से होने वाला डायवर्जन अचानक 24 घंटे पहले बृहस्पतिवार शाम चार बजे कर दिया गया। अचानक हुए इस डायवर्जन से ट्रैफिक व्यवस्था धड़ाम हो गई। हाईवे पर मूंढापांडे से पाकबड़ा तक जाम लग गया। भारी वाहनों की लंबी कतार लग गई। वहीं पुलिस ने कांवड़ियों की भीड़ बढ़ने डायवर्जन करने हवाला देकर अपना पल्ला झाड़ लिया।
सावन के तीसरे सोमवार पर जलाभिषेक भोले के भक्त हरिद्वार और ब्रजघाट से गंगाजल लेकर आते हैं। शहर में कांवड़िये दिल्ली रोड और कांठ रोड से होकर गुजरते हैं। अमरोहा जिले में कांवड़ियों के हादसे की दो घटनाओं से सबक लेकर पुलिस प्रशासन डायवर्जन का सख्ती से पालन करा रहा है। इसके तहत शुक्रवार शाम चार बजे से डायवर्जन किया जाना था। लेकिन एक दिन पहले बृहस्पतिवार को ही डायवर्जन कर दिया गया। इसके चलते पुलिस का ट्रैफिक प्लान धड़ाम हो गया। वाहनों पर भारी वाहनों की कतार लग गई। हाईवे पर मूंढापांडे से पाकबड़ा तक जाम की स्थिति बन गई। पाकबड़ा में एक ही लेन से आवाजाही होने से वाहन जाम में फंस गए। यहां दिनभर वाहन रेंगते रहे। शाम को भी स्थिति में सुधार नहीं हो सका।