जिला पंचायत बोर्ड की बैठक में पिछले वर्ष की तुलना में दस प्रतिशत व्यावसायिक कर बढ़ाने का प्रस्ताव पारित हो गया। सदस्यों ने बैठक के दौरान शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और बिजली के मुद्दे उठाए। कई सदस्यों ने कहा कि डेंगू और अन्य बीमारियों के चलते जिले में काफी संख्या में लोगों की मौत हो चुकी है। इस मामले में एंटी लार्वा का छिड़काव जरूरी है।
सर्किट हाउस में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. शैफाली सिंह की अध्यक्ष में बोर्ड की बैठक दोपहर बाद शुरू हुई। पिछले वर्ष की तुलना में दस प्रतिशत अधिक व्यावसायिक कर वसूलने के प्रस्ताव को पास किया गया। सदस्य अजय ने कहा कि ढाई साल में एक स्वास्थ्य केंद्र के लिए प्रस्ताव जिले से पास नहीं हुआ। एक सदस्य के परिजन ने कहा कि उमरी चौराहे पर बिजली लाइन के लिए विधायक कमाल अख्तर ने विधायक निधि से 60 प्रतिशत धन दिया, लेकिन आज तक विद्युत लाइन नहीं जोड़ी गई। बैठक में जिला पिछड़ा वर्ग के अधिकारी मौजूद नहीं थे। इस बीच सीएमओ ने कहा कि एक पीएचसी से सटे कूड़ाघर को बनाया गया है। उसे परियोजना अधिकारी को तत्काल हटाना होगा। एक अन्य सदस्य ने कहा कि ठाकुरद्वारा दुलहापुर मार्ग के लिए ढाई साल से प्रस्ताव जा रहा है, लेकिन सड़क नहीं बनाई गई। कई सदस्यों ने डेंगू की महामारी पर चिंता जताई। आरोप लगाया कि जिले में काफी संख्या में लोगों की मौत हो चुकी है। पर्याप्त फागिंग नहीं कराई जा रही है। बैठक का संचालन अपर मुख्य अधिकारी श्याम बहादुर शर्मा ने किया।
महिला सुरक्षा पर ध्यान देने की जरूरत
जिला पंचायत अध्यक्ष ने महिला सुरक्षा, घरेलू हिंसा, दहेज उत्पीड़न, बाल विवाह जैसे विषयों के प्रति ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को जागरूक करने का सदस्यों से अनुरोध किया। बताया कि इस मामले में लोगों को हेल्प लाइन नंबर और कानूनों से अवगत कराने की जरूरत है।
सड़क खराब कर रहे लोग
सांसद डॉ. एसटी हसन ने कहा कि सड़क पर पानी इकट्ठा होने से सड़कें शीघ्र खराब हो रही हैं। इस मामले में लोनिवि के अभियंताओं को ध्यान देना होगा। जिले की जनता डेंगू से पीड़ित है। इस मामले में एंटी लार्वा का छिड़काव बहुत जरूरी है।
फागिंग कराई जाएगी, समस्याओं का होगा निराकरण
सीडीओ सुमित यादव ने कहा कि डेंगू सहित अन्य संचारी बीमारियों से लड़ने के लिए एक माह से अभियान चलाया जा रहा है। यदि किसी गांव में एंटी लार्वा का छिड़काव और फागिंग नहीं हुई है तो उसे पूरा कराया जाएगा। सभी समस्या दूर करने के लिए 64 ग्राम पंचायतों में सामाजिक सुरक्षा अभियान चलाया जा रहा है। तीन माह में सभी गांवों की समस्याओं का निराकरण कर लिया जाएगा, ताकि लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके।
कन्या इंटर कॉलेज खोलने की मांग
सदस्य अमानुल्लाह ने डिलारी में कन्या इंटर कॉलेज खोलने की मांग उठाई। उन्होंने आरोप लगाया कि स्वास्थ्य केंद्र पर एक्स रे मशीन सहित अन्य उपकरण ठीक के काम नहीं करते हैं। इस क्षेत्र की आबादी साढ़े तीन लाख है। एक अन्य सदस्य ने कहा कि जिला पंचायत सदस्य की बातों को कोई अधिकारी तवज्जो नहीं देते हैं।
गुरुजी ने पढ़ाया नियम का पाठ
एमएलसी डॉ. जयपाल सिंह व्यस्त ने विश्व विद्यालय निर्माण पर चर्चा तो सभी सदस्यों ने मेज थपथपाकर स्वागत किया। साथ ही उन्होंने सदस्यों को नियम का पाठ पढ़ाते हुए सदन चलाने की सीख की। डॉ. व्यस्त ने कहा कि वह बिजली शिकायत के मामले के चेयरमैन है। कारण सभी सदस्य अपनी समस्या उनसे कह सकते हैं। बिजली की समस्याओं का वह निराकरण करेंगे। बिजली अधिकारियों की जरूरत नहीं पड़ेगी। वहीं एमएलसी गोपाल अंजान बोर्ड की बैठक के दौरान एक बीएलओ पर बिफर पड़े। उन्होंने कहा कि एक बीएलओ से मतदाताओं के बारे में पूछने पर वह सुपरवाइजर के घर चला गया। उसने एक जनप्रतिनिधि का अपमान किया है। इस मामले में उन्होंने सीडीओ से कार्यवाही करने का अनुरोध किया।
विधायक फईम गोशाला बनवाएंगे
बिलारी के विधायक फईम ने सुफीलपुर में पानी की टंकी दो ग्राम सभाओं को जोड़कर लगाई जा रही जो गलत है। इस मामले में जल निगम को मौके की स्थिति देखकर काम करना चाहिए। ऐसे पानी की आपूर्ति बाधित होगी। विधायक ने कहा कि वह एक गोशाला विधायक निधि से बनवाएंगे। क्योंकि क्षेत्र में छुट्टा पशु काफी संख्या में घूम रहे हैं। वहीं देहात विधायक हाजी नासिर कुरैशी ने कहा कि लालूवाला में दो पुलिया टूट गई है। भोजपुर पीपलसाना में विद्युत उपकेंद्र बनाने की जरूरत है।