मुरादाबाद। पास बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होने पर धरना देने के लिए रामलीला मैदान जा रहे शिवसैनिकों को प्रशासन ने आंबेडकर पार्क पर रोक लिया। यहां एसीएम प्रथम ने आकर ज्ञापन लिया। शिवसेना ने डीएम से पास बेचने वालों के खिलाफ शीघ्र कार्रवाई करने की मांग की है।
शिवसैनिकों ने अवैध ढंग से पास बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए उन्होंने एडीएम सिटी को प्रार्थनापत्र दिया था। इस मामले में कार्रवाई नहीं होने पर शिवसेना के जिला प्रमुख वीरेंद्र अरोरा के नेतृत्व में संगठन के लोग धरना देने के लिए रामलीला मैदान जा रहे थे लेकिन जिला प्रशासन ने उनको वहां जाने से रोक दिया। इस मामले में जिला प्रमुख ने एडीएम सिटी को कॉल किया। इसके बाद शिवसैनिकों ने आंबेडकर पार्क पर इकट्ठा हो गए। एसीएम प्रथम ने यहां शिवसैनिकों से डीएम को संबोधित ज्ञापन लिया।
इसमें कहा गया था कि हिंदुओं की आस्था पर आधारित भगवान श्रीराम के जीवन का चित्रण रामलीला कमेटी लाइनपार कई वर्षों से आयोजित कर रही है। दशहरे पर रावण दहन का कार्यक्रम हर्षोल्लास से मनाया जाता रहा है। इसमें हजारों हिंदू भाई बहन भाग लेते हैं। शिवसेना भी इस कार्यक्रम में सहयोग देती है। इस बार एक बड़ी घटना विजयदशमी के दिन रामलीला लाइनपार ग्राउंड की तरफ से सामने आई है। आरोप लगाया कि रामलीला कमेटी के नाम पर 2100 रुपये, 1100 रुपये और 500 रुपये में पास बेचे गए हैं।
इस मामले में प्रमाण इकट्ठा करने के लिए शिवसेना के एक पदाधिकारी ने रामलीला कमेटी के पदाधिकारी से बातचीत कर ऑडियो रिकॉर्ड एकत्रित किया है। इस तरह से पास बेचना असामाजिक तत्वों को भीड़भाड़ वाले रामलीला मैदान में खुलेआम बुलाने के समान है। शिवसेना ने मांग किया है कि रामलीला कमेटी के नाम पर अवैध वसूली की इच्छा वाले लोगों के खिलाफ शीघ्र कार्रवाई होनी चाहिए।