बिलारी। नगर और देहात इलाके में बृहस्पतिवार दोपहर को बारिश होने की वजह से कई घंटे तक विद्युत आपूर्ति बाधित रही। बारिश होने के दौरान नगर की कई सड़कों पर पानी भर जाने से विद्युत लाइनों में ब्रेकडाउन होने पर विद्युत आपूर्ति प्रभावित हुई। दोपहर से शाम की अवधि में नगर के टाउन वन और टाउन टू फीडर पर ट्रिपिंग की समस्या के चलते विद्युत आपूर्ति बाधित हुई। नगरीय विद्युत उपकेंद्र के अवर अभियंता शिवम वाष्णेय ने बताया कि विद्युत लाइन में ब्रेकडाउन होने और ट्रिपिंग की जानकारी होते ही लाइन स्टाफ द्वारा ब्रेकडाउन दूर कर आपूर्ति सुचारु करा दी गई। बिलारी देहात विद्युत उपकेंद्र के नॉर्थ ईस्ट और नॉर्थ बेस्ट फीडर पर बारिश होने के दौरान विद्युत आपूर्ति बाधित हुई। सहसपुर विद्युत उपखंड में आने वाले सहसपुर, सफीलपुर और समाथल विद्युत उपकेंद्र के तीन फीडरों पर भी बारिश से विद्युत आपूर्ति बाधित हुई। एसडीओ विद्युत सहसपुर ने बताया कि विद्युत लाइन में कमी आने की सूचना मिलते ही अवर अभियंता द्वारा लाइन स्टाफ विद्युत लाइन ठीक कराकर आपूर्ति सुचारु करा दी गई।