मझावली पहुंचे डीआईजी, आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के दिए निर्देश
चंदौसी (संभल)। बनियाठेर थाना क्षेत्र के गांव मझावली में डीआईजी पहुंचे और बवाल के सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने के निर्देश दिए। गांव में रविवार को दो समुदायों के बीच बवाल हुआ था। ग्रामीणों ने मारपीट, पथराव के साथ ही फायरिंग करने का भी आरोप लगाया।
बनियाठेर थाने पहुंचे डीआइजी शलभ माथुर ने पीड़ितों से वार्ता करते हुए सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया। डीआईजी शलभ माथुर को विशाल सैनी पुत्र घनश्याम सैनी ने बताया है कि मुख्य आरोपी शानू पुत्र भूरे उन पर छींटाकशी पहले भी करता था। रविवार को गांव में स्थित आरपी सिंह पब्लिक स्कूल में सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता की परीक्षा थी। जिसमें बाहर के भी बच्चे आए हुए थे। इसी दौरान शानू ने फिर से विशाल पर छींटाकशी की और इसी बात पर विवाद हो गया।
डीआईजी ने बताया कि अब तक की छानबीन में सामने आया है कि विशाल से विवाद होने के बाद शानू के पक्ष में अन्य लोग आ गए और उन्होंने पथराव किया जिसमें विशाल के पक्ष के पांच लोग चोटिल हुए थे। सभी का उपचार कराया गया है। विशाल की तहरीर के आधार पर ही 13 नामजद और 10-12 अज्ञात पर केस दर्ज हुआ है। पुलिस सभी आरोपियों की तलाश कर रही है।
पुलिस की छानबीन जारी है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे उनके आधार पर भी कार्रवाई की जाएगी। सात आरोपी गिरफ्तार कर लिए गए हैं। अन्य आरोपियों की पुलिस टीमें तलाश कर रही हैं। गांव में पूरी तरह शांति है और एहतियाती तौर पर फोर्स लगा दी गई है।
-शलभ माथुर, डीआईजी, मुरादाबाद