मुरादाबाद। तीन घंटे तक उपचार न मिलने के कारण बिहार के चंपारण निवासी गोविंद (28) ने ट्रेन में दम तोड़ दिया। घटना (05284) आनंदविहार-मुजफ्फरपुर स्पेशल एक्सप्रेस के जनरल कोच की है। गोविंद को पहले से बुखार था। ट्रेन में उसे उल्टी हुई तो उसके भाई बड़े अजय ने रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर कॉल किया।
जवाब मिला कि ट्रेन का अगला ठहराव मुरादाबाद है, इसलिए वहीं डॉक्टरी सहायता मिल पाएगी। उस समय ट्रेन पिलखुआ में थी। आनंदविहार के बाद सीधे मुरादाबाद ठहराव होने के बावजूद ट्रेन बीच में कई स्टेशनों पर रुकी। पिलखुआ से मुरादाबाद तक पहुंचने में तीन घंटे लग गए। इस बीच गोविंद ने दम तोड़ दिया।
मुरादाबाद स्टेशन पर ट्रेन बुधवार शाम 6:09 बजे पहुंची को आरपीएफ ने शव को उतारा। डॉक्टर ने ट्रेन के अंदर मरीज को देखा और मृत घोषित कर दिया। इसके बावजूद मृतक के बड़े भाई के कहने पर शव को एंबुलेंस से जिला अस्पताल ले जाया गया। वहां भी डॉक्टरों ने मौत की पुष्टि की।
अजय ने बताया कि वह दोनों भाई दिल्ली में रहकर मजदूरी करते हैं। एक दिन पहले बुखार आने पर गोविंद को सरकारी अस्पताल से दवा दिलाई थी। अगले दिन वह अपने घर बिहार जाने के लिए ट्रेन में चढ़ गए। बीच रास्ते में यह घटना हो गई। अजय ने कहा कि यदि समय से उपचार मिल जाता तो जान बच सकती थी।
बेगमपुरा एक्सप्रेस के शौचालय में शर्ट के फंदे से लटके मिले युवक के शव की शिनाख्त 48 घंटे बाद भी नहीं हो सकी। हत्या के एंगल की तलाश करते हुए पुलिस ने सहारनपुर व अन्य स्टेशनों की सीसीटीवी फुटेज भी खंगाली, लेकिन कुछ हाथ नहीं लगा। अब जम्मू स्टेशन पर सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक करने के लिए पुलिस प्रयास कर रही है।
शिनाख्त न होने के कारण जीआरपी ने मुरादाबाद व लखनऊ के सभी पुलिस थानों और आरपीएफ पोस्ट में सूचना दे दी है। मृतक की जेब में जम्मू से लखनऊ तक का टिकट मिला था। इसलिए उसके जम्मू या लखनऊ के होने की संभावना जताई जा रही है। जीआरपी इंस्पेक्टर रविंद्र कुमार वशिष्ठ ने बताया कि 24 घंटे तक और इंतजार करने के बाद शव का अंतिम संस्कार करा दिया जाएगा।