ठाकुरद्वारा। नगर के एसडीएच इंटर कॉलेज को क्षेत्र के 26 यूपी बोर्ड परीक्षा केदो की उत्तर पुस्तिका का उप संकलन केंद्र बनाया गया है। इसके पास में बुधवार को साप्ताहिक सब्जी बाजार लगता है वहीं इसके रास्ते में अवैध पार्किंग से भी जाम लगा रहता है। इसकी शिकायत परीक्षा से पहले केंद्र व्यवस्थापक अनुज कुमार गुप्ता ने एसडीएम प्रीति सिंह से की थी। जिस पर एसडीएम ने कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक को आदेश दिए थे कि वह बुधवार को परीक्षा केंद्र के आसपास सब्जी बाजार को न लगने दें लेकिन पुलिस पर इसका कोई असर दिखाई नहीं दे रहा है। दूसरे बुधवार को भी परीक्षा केंद्र के आसपास सब्जी बाजार लगा रहा शाम को जब परीक्षा संपन्न होने के बाद केन्द्रों के कर्मचारी उत्तर पुस्तिकाएं लेकर गाड़ियों से पहुंचे तो उनकी गाड़ियां वहां लगे बाजार में फंस गई। काफी समय तक गाड़ियां फंसी रही। उत्तर पुस्तिकाएं भी इस दौरान असुरक्षित रही। कुछ परीक्षा केंद्र के कर्मचारी अपनी गाड़ियां काफी पीछे खड़ा कर पैदल उत्तर पुस्तिका जमा करने संकलन केंद्र पर पहुंचे। इस बारे में केंद्र व्यवस्थापक ने बताया कि इसकी सूचना एसडीएम को दी गई थी। संकलन केंद्र के आसपास भी पुलिसकर्मी नजर नहीं आए। इस बारे में मालूम करने पर एसडीएम ने कहा कि उन्होंने पुलिस कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक को लिखित आदेश भी जारी कर दिया था। यदि परीक्षा केंद्र के आसपास सब्जी बाजार लग रहा है तो यह गलत है। वह इस बारे में प्रभारी निरीक्षक से बात की जाएगी।