ठाकुरद्वारा। रतूपुरा में झोलाछाप के क्लिनिक पर कार्रवाई करने पहुंचे डिप्टी सीएमओ डॉ. संजीव बेलवाल को भीड़ ने घेरा लिया। कुछ लोगों ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया और धक्का मुक्की करने लगे। भीड़ में काफी संख्या में महिलाएं भी शामिल थीं। उनकी सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को वहां से खदेड़ा।
पुलिस की मौजूदगी में शर्मा क्लिनिक को सील किया गया। रतूपुरा में ही अवैध रूप से चल रही पैथोलॉजी लैब को सील किया गया। वहां से उन्होंने साक्ष्यों के तौर पर कागजात कब्जे में लिए। पुलिस को तहरीर देकर क्लीनिक व पैथोलॉजी लैब संचालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। शर्मा क्लिनिक के संचालक मोहित शर्मा और कुछ अन्य लोगों पर सरकारी काम में बाधा डालने का भी आरोप है।
डिप्टी सीएमओ की कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में अवैध रूप से क्लीनिक और लैब का संचालन करने वाले कुछ अन्य लोग ताले डालकर फरार हो गए। डॉ. बेलवाल ने बताया कि ठाकुरद्वारा कोतवाली में तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराई जा रही है।