मुरादाबाद। आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) ने भीम आर्मी के चीफ और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद को केंद्र सरकार से जेड श्रेणी की सुरक्षा देने की मांग की है। पार्टी के लोगों का कहना है कि भीम आर्मी के चीफ पर जान लेने की नियत से दूसरी बार हमला किया गया है। इस मामले में प्रदेश सरकार को शीघ्र हमलावरों को गिरफ्तार करना चाहिए।
आजाद पार्टी के जिलाध्यक्ष प्रो. सुमित कुमार ने प्रदेश के राज्यपाल को डीएम के माध्यम से ज्ञापन भेजा है। बताया कि सहारनपुर जिले के देवबंद में भीम आर्मी के चीफ चंद्रशेखर आजाद पर असामाजिक तत्वों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की। गोलियों से गाड़ी के शीशे टूट गए। कुदरत और बहुजन समाज के लोगों की दुआओं ने चंद्रशेखर को बचा लिया। इस घटना की जानकारी मिलने पर पार्टी के कार्यकर्ता काफी आक्रोशित हैं। बताया कि इसके पहले 20 जनवरी को मुजफ्फरनगर में भी चंद्रशेखर पर हमला किया गया था। इस मामले में केंद्र सरकार को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर को जेड श्रेणी की सुरक्षा मिलनी चाहिए। ज्ञापन देनेवालों में जिला सचिव कुलदीप, अंकुर सिंह, गुरदीप सिंह, शिवा, अरविंद कुमार, राहुल सागर, मणिदेव सागर आदि मौजूद थे।