बिलारी। रुस्तमपुर खास गांव में लगी ग्राम चौपाल में मझरा करावर में श्मशान व खेल मैदान की भूमि से अवैध कब्जा हटवाने की मांग उठाई गई।
रुस्तमपुर के पंचायत सचिवालय पर शुक्रवार दोपहर बाद आयोजित ग्राम चौपाल में पहुंचे बीडीओ नरेशपाल सिंह ने किसानों को प्रदेश सरकार की योजनाओं का लाभ लेने के लिए जागरूक किया। बीडीओ ने करावर गांव में श्मशान और खेल मैदान की भूमि से अवैध कब्जा हटाने के लिए राजस्व लेखपाल को शीघ्र जांच कर कब्जा हटाने को कहा। ग्रामीणों ने राशन कोटेदार पर नियमानुसार राशन न बांटने, विद्युत लाइनों के जर्जर तार बदले जाने, जलजीवन मिशन के तहत जलनिगम द्वारा भूमिगत पाइप लाइन बिछाने के दौरान उखड़ी सड़कें ठीक कराने की मांग उठाई। ग्राम चौपाल में चंद्रकेश यादव, राजीव चौधरी, महेंद्र सिंह, अतर सिंह, खिलेंद्र सिंह आदि ने समस्याएं बताईं। इस अवसर पर ग्राम पंचायत प्रशासक प्रतिनिधि ओमप्रकाश सिंह, एडीओ रतन सिंह और ग्राम पंचायत अधिकारी संदीप कुमार आदि रहे। संवाद