फोटो 1,2 ठाकुरद्वारा में मांगों को लेकर प्रदर्शन करते भाकियू कार्यकर्ता संवाद
ठाकुरद्वारा। भारतीय किसान यूनियन टिकैत ने हरिद्वार के लिए ठाकुरद्वारा होकर रोडवेज की पांच बसें चलाने और क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन से पहले किसानों ने ब्लॉक परिसर में समस्याओं को लेकर पंचायत की। इसकी अध्यक्षता तहसील अध्यक्ष चौधरी राजेंद्र सिंह ने और संचालन हरीराज सिंह ने किया। पंचायत के बाद जिलाध्यक्ष घनेंद्र शर्मा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं और किसानों ने प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को रोडवेज बस सुविधा हरिद्वार जाने के लिए उपलब्ध नहीं है। इसलिए हरिद्वार जाने के लिए पांच रोडवेज की बसें ठाकुरद्वारा सुरजननगर होकर चलवाई जाए। वही ग्राम पीपली अहीर में आसपास के ग्रामीणों की सुविधा के लिए प्रथमा बैंक की शाखा खुलवाई जाए। सरकड़ा परम से जफराबाद से होते हुए बैरमपुर तक क्षतिग्रस्त रोड का निर्माण कराया जाए। इसके अलावा कनकपुर से सुरजननगर तक सड़क का अधूरा निर्माण पूरा कराया जाए। वहीं सरकार से डॉ स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट को भी लागू करवाने की मांग की गई। प्रदर्शन के बाद मांगों का ज्ञापन एसडीएम को दिया गया। ज्ञापन में मांगे पूरी न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी गई है प्रदर्शन में सेवानिवृत्त मेजर चरन सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष सोमवीर सिंह, सुमित चौहान, राजपाल सिंह यादव, चौधरी शिवराज सिंह बिश्नोई, गजेंद्र सिंह वैद्य, हरकेश सिंह ,उदयपाल सिंह, गुर्जर सिंह आदि मौजूद रहे।