नगर निगम कर्मचारी संघ ने मंगलवार को बैठक कर पंप ऑपरेटर सरोज से मारपीट करने के आरोपी लॉयंस कंपनी के जीएम और पार्षद पुत्र के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। कर्मचारी संगठन ने इस संबंध में नगर आयुक्त को ज्ञापन देकर आरोपियों के खिलाफ शीघ्र कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी भी दी है।
वार्ड-7 की अवंतिका कॉलोनी स्थित नगर निगम के पंप पर ऑपरेटर पद पर तैनात आउटसोर्सिंग कर्मचारी सरोज की पत्नी ने लॉयंस कंपनी के जीएम सुखविंदर सिंह पर मारपीट करने व पार्षद पुत्र आशुतोष शर्मा पर अभद्र व्यवहार करने के साथ ट्रांसफर कराने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है।
कर्मचारी संगठन ने इस घटना की निंदा की। साथ ही नगर आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर इस मामले में कार्रवाई करने की मांग की है। ज्ञापन पर नगर निगम कर्मचारी संगठन के अध्यक्ष मोहम्मद सुबहान, एससी-एसटी एंड ओबीसी कर्मचारी-अधिकारी संघ के अध्यक्ष आरबी आंबेडकर के हस्ताक्षर हैं।