पाकबड़ा। लोधीपुर राजपूत गांव के पास हाइवे पर बृहस्पतिवार की सुबह अधेड़ का लहूलुहान शव मिला। पाकबड़ा पुलिस ने शव की शिनाख्त कराने की कोशिश की लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। सोशल मीडिया पर फोटो वायरल कर पुलिस शव की शिनाख्त करने का प्रयास कर रही है।
पीआरवी हाईवे पर बृहस्पतिवार की सुबह पांच बजे गश्त कर रही थी। पाकबड़ा के लोधीपुर गांव के समीप पुल पर पहुंचते ही पीआरवी ने देखा कि एक अधेड़ का शव सड़क के बीचों बीच पड़ा है। शव के समीप खून पड़ा था। पीआरवी ने घटना से पुलिस को अवगत कराया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने अधेड़ के कपड़ों की तलाशी ली लेकिन पुलिस को कोई कागजात नहीं मिल सका। पुलिस ने आस पास के गांवों के प्रधानों से शव की शिनाख्त के लिए संपर्क किया, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने अधेड़ के शव का फोटो सोशल मीडिया में वायरल कर कर दिया है। इस बारे में थाना प्रभारी मोहित चौधरी ने बताया कि मौके का मुआयना करने पर प्रथम दृष्टया यह घटना हादसा प्रतीत हो रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने पर कुछ स्थिति स्पष्ट होगी।