पाकबड़ा थाना क्षेत्र के सैनियों वाला मोहल्ला बड़ा मंदिर निवासी कुंवरसेन (40) सोमवार रात रामकुमार का पुराना मकान गिरा रहा था। इस दौरान अचानक लेंटर गिर गया था। जिसमें कुंवरसेन समेत चार लोग घायल हो गए थे। घायलों को जिला अस्पताल भिजवा दिया गया था, जहां कुंवरसेन की मौत हो गई थी। मंगलवार को पाकबड़ा पुलिस ने कुंवरसेन का शव पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया था।
इसी दौरान कटघर के बलदेव पुरी निवासी सुरेंद्र (35) का शव कटघर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया था। मंगलवार दोपहर करीब एक बजे पोस्टमार्टम कराने के बाद पुलिस ने कुंवरसेन के परिजनों को शव सौंप दिया था। इसके बाद परिजन शव पाकबड़ा ले गए और अंतिम संस्कार की तैयारियां शुरू कर दी। परिवार के लोगों ने बताया कि गंगाजल डालने के लिए उन्होंने मृतक के चेहरे से कपड़ा हटाया। तब पता चला कि शव कुंवरसेन का नहीं है।
इसके बाद परिजनों ने पुलिस और पोस्टमार्टम हाउस के कर्मचारियों को सूचना दी। जिसके बाद पुलिस पोस्टमार्टम हाउस से कुंवरसेन का शव लेकर पाकबड़ा पहुंच गई। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया। वहां से सुरेंद्र कुमार का शव वापस पोस्टमार्टम हाउस लाया गया। इसके बाद सुरेंद्र के परिजनों को शव सौंप दिया गया। इसके बाद दोनों शवों का अंतिम संस्कार किया गया।