कांठ। विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तहत शनिवार से क्षेत्र में दस्तक अभियान की शुरुआत कर दी गई। अभियान के पहले दिन आशा कार्यकर्ताओं ने गांव-गांव और घर-घर जाकर लोगों को संचारी रोगों से बचाव के प्रति जागरूक किया तथा साफ-सफाई, स्वच्छ पेयजल के उपयोग और मौसमी बीमारियों से बचाव संबंधी जानकारियां दी। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कांठ के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राजीव सिंह के निर्देशन में एक जुलाई से विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार से दस्तक अभियान शुरू किया गया, जिसके माध्यम से स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर पहुंचकर लोगों को डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया, दस्त एवं अन्य संचारी रोगों की रोकथाम के लिए जागरूक कर रही हैं। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राजीव सिंह ने बताया कि अभियान के दौरान आशा कार्यकर्ता लोगों को स्वच्छता अपनाने, आसपास जलभराव न होने देने, मच्छरों से बचाव के उपाय करने तथा बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करने की सलाह दे रही हैं। इस अवसर पर ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक चंद्रशेखर यादव, स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी उमेश कुमार, बीसीपीएम यासिर अली सहित स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे।