साइबर अपराधी ने एमबीए की छात्रा के खाते से 91 हजार 600 रुपये उड़ा लिए। आरोपी ने छात्रा को कोरियर कंपनी का कर्मचारी बताकर कॉल की थी और एड्रेस सत्यापन के नाम पर दो रुपये ट्रांसफर कराने के लिए कहा। छात्रा ने दो रुपये ट्रांसफर किए तो उसके खाते से 91 हजार 600 रुपये कट गए। पीड़िता ने एसएसपी कार्यालय में प्रार्थनापत्र देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है।
मझोला थाना क्षेत्र के खुशहालपुर रोड अमर वाटिका निवासी पीतल कारोबारी आशीष मोहन गुप्ता की बेटी दिशा गुप्ता देहरादून से एमबीए कर रही है। छात्रा ने ऑनलाइन कुछ सामान ऑर्डर किया था। जिसका पार्सल आने वाला था। छात्रा पार्सल का इंतजार कर रही थी। 29 अक्तूबर को दिशा के मोबाइल पर एक अंजान नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को कोरियर कंपनी का कर्मचारी बताया और कहा कि आपका एड्रेस नहीं मिल रहा है। कोरियर बॉय काफी देर से भटक रहा है। इसी दौरान आरोपी ने एड्रेस सत्यापन के लिए दो रुपये ट्रांसफर कराने के लिए कहा।
इसके बाद उसने एक लिंक भेजकर उसने दिशा गुप्ता से उसमें डिटेल भरवा ली। जिससे दो रुपये कट गए। उस लिंक के माध्यम से आरोपी ने दिशा गुप्ता का यूपीआई पिन भी पता कर लिया। कुछ देर के बाद छात्रा के मोबाइल पर एक मैसेज आया। जिससे पता चला कि उनके बैंक खाते से 91 हजार 600 रुपये किसी दूसरे खाते में ट्रांसफर हो गए। उसने तुरंत इस मामले की शिकायत साइबर हेल्प लाइन नंबर और साइबर सेल में की। एसएसपी हेमराज मीना ने साइबर सेल को मामले की जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।