डिलारी (मुरादाबाद)। सेवानिवृत्त हेड कांस्टेबल के दो खातों से साइबर ठगों ने एक लाख 90 हजार रुपये उड़ा लिए। डिलारी थाने में आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। साइबर ठग ने खुद को पुलिस हेडक्वार्टर (पीएचक्यू) का पेंशन बाबू बताकर पीड़ित से खातों की जानकारी ने ली थी।
साइबर ठगी का शिकार हुए हेड कांस्टेबल राम सिंह डिलारी के फजलपुर गांव निवासी हैं। उन्होंने बताया कि आठ अगस्त 2022 को उसके फोन पर कॉल आई। कॉल करने वाले शख्स ने खुद को पीएचक्यू से पेंशन बाबू बताया। इसके बाद खातों की जानकारी ले ली। आठ अगस्त को 49 हजार 998 रुपये, नौ अगस्त को तीन बार में 59 हजार 999 रुपये और 10 अगस्त को दो बार में 60 हजार रुपये निकाल लिए। उनके खातों से कुल 1 लाख 90 हजार रुपये निकाल लिए। राम सिंह 10 अगस्त को रुपये निकालने बैंक गए तो उनके खाते में 599 रुपये थे। थाना प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है।