मुरादाबाद। साइबर अपराधियों ने अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर दवा व्यापारी से आठ लाख 94 लाख 151 रुपये ठग लिए। पीड़ित ने पुलिस से शिकायत कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गुहार लगाई है।
संभल के बबराला इंद्र चौक निवासी लकी गुप्ता दवा व्यापारी हैं। लकी ने बताया कि फेसबुक पर उनकी आईडी है। उनके पास फेसबुक मैसेंजर पर वीडियो कॉल आई। कुछ देर बाद कॉल खुद ही कट गई। अगले दिन एक नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने बताया कि वह यूट्यूब का प्रतिनिधि बोल रहा है। मेरे पास तुम्हारी अश्लील वीडियो है। जिसे मैं सोशल मीडिया पर वायरल कर रहा हूं, अगर इसे रुकवाना चाहते हो तो मेरे बताए खाते पर पैसे ट्रांसफर कीजिए। परेशान व्यापारी आरोपी के चंगुल में फंस गया और उसने पहले दिन नौ हजार पांच सौ रुपये जमा कर दिए। इसके बाद आरोपी की डिमांड बढ़ती गई है। उसने कभी पांच हजार, कभी दस हजार, कभी पचास हजार, कभी नौ हजार रुपये ट्रांसफर कराए। वह बार बार परेशान करके पीड़ित से रुपये ट्रांसफर कराने लगा।
इसी बीच एक नए नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को क्राइम ब्रांच अधिकारी बताया। उसने धमकी दी कि उनके पास एक वीडियो आई है। इस वीडियो के आधार पर हम तुम्हें और तुम्हारे परिवार को गिरफ्तार करने आ रहे हैं। धमकी देकर उसने भी व्यापारी से जमा करा लिए। पीड़ित ने इसकी जानकारी अपने परिवार को दी, तब उन्होंने रुपये जमा करने से मना कर दिया। इसके बाद आरोपी फिर से धमकी देने लगे। व्यापारी का पैनकार्ड, आधार कार्ड और मोबाइल नंबर पर आए ओटीपी व्हाट्सएप कर लिया। आरोपी पीड़ित से अब तक आठ लाख 94 हजार 151 रुपये ट्रांसफर करा चुके हैं। पीड़ित ने इस मामले की शिकायत संभल पुलिस से की। इसके बाद व्यापारी को मुरादाबाद स्थित साइबर अपराध थाने भेज दिया गया। साइबर अपराध थाने निरीक्षक आरके सिंह ने बताया केस दर्ज कर लिया गया है। साइबर ठगों के बारे में जानकारी की जा रही है।