पुलिस कंट्रोल में महिला कांस्टेबिलों के पास पिछले कुछ दिनों से लगातार आ रही अश्लील कॉल के पीछे श्रम विभाग का सफाई कर्मी निकला। क्राइम ब्रांच की टीम ने सर्विलांस की मदद से उसे धर दबोचा। आरोपी कंट्रोलरूम में फोनकर महिला सिपाहियों से उनका फिगर पूछता था। एसपी सिटी आफिस में उसके साथ सख्ती से पूछताछ हुई तो वो टूट गया। नौकरी का वास्ता देकर आरोपी गिड़गिड़ाया तो उसे शांति भंग की आशंका में गिरफ्तार कर जमानत पर छोड़ दिया गया। एसपी सिटी डा. राम सुरेश यादव ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से कोई व्यक्ति पुलिस कंट्रोल रूम में 100 नंबर पर कॉल करके महिला सिपाहियों से अश्लील बातें करता था और सख्ती करने पर भद्दी गालियां देता था। पुलिस कंट्रोल रूम के साथ ही यह व्यक्ति फायर ब्रिगेड कंट्रोल को भी कॉल करके इसी तरह की हरकत करता था। उसने पिछले कुछ दिनों में 110 बार पुलिस कंट्रोल रूम को कॉल की थी और करीब इतने ही बार उसने फायर स्टेशन का नंबर डायल करके स्टाफ के साथ फोन पर बदसलूकी की थी। एसपी सिटी ने बताया कि क्राइम ब्रांच को मामले की छानबीन के लिए लगाया गया था जिसने बुधवार को ब्रह्म सिंह पुत्र रतनलाल निवासी बहादुरपुर थाना टांडा रामपुर को धर दबोचा। एसपी सिटी ने बताया कि ब्रह्म सिंह मुरादाबाद श्रम विभाग में बतौर सफाई कर्मी तैनात है।