इटावा जनपद के इकदिल थानाक्षेत्र में फ्लाईओवर के पास शनिवार की रात सेल्सटैक्स अफसर बनकर कोरियर कंपनी का ट्रक लूटने वाले दो बदमाश मझोला पुलिस ने गिरफ्तार कर लिए। करीब 35 लाख रुपये के सामान से लदे ट्र्रक को भी पुलिस ने बरामद कर लिया है। गिरोह का सरगना इटावा निवासी रिंकू पंडित समेत चार बदमाश फरार हैं।
जिनकी तलाश की जा रही है। पकड़े गए दो बदमाश बीएसएसी के छात्र हैं। उन्होंने बताया कि वह ट्रक बेचने मुरादाबाद आए थे। पुलिस ने दोपहर बाद दोनों को कोर्ट में पेश किया। जहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। एसएसपी नितिन तिवारी ने सोमवार को ट्रक लूट का खुलासा किया।
उन्होंने बताया कि शनिवार को दिल्ली के नारायणा से कानपुर के लिए ट्रैक ऑन कोरियर कंपनी का ट्रक कानपुर के लिए रवाना हुआ था। हरदोई के सिहानी थानाक्षेत्र के जकियापुर निवासी गजनफर अली पुत्र रहमतुल्ला ट्रक को ड्राइव कर रहा था। इटावा-औरैया हाईवे पर इकदिल थानाक्षेत्र में फ्लाईओवर के पास कार सवार बदमाशों ने खुद को सेल्सटैक्स अफसर बताकर ड्राइवर से ट्रक रुकवा लिया था। इसके बाद ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया था।
चालक को इंडिका कार में डाल दिया और मौका पाकर जंगल में फेंक दिया था। एसएसपी ने बताया कि रविवार को मझोला पुलिस को सूचना मिली थी कि क्षेत्र में बीएसएनएल गोदाम तिराहे के ट्रक खड़ा है। पुलिस वालों ने मौके पर जाकर देखा। जिसमें चार व्यक्ति बैठे थे।
पुलिस की घेराबंदी देखकर दो बदमाश फरार हो गए जबकि दो हत्थे चढ़ गए। उन्होंने अपने नाम विजय सिंह पुत्र मुन्नी सिंह निवासी चंदेलन पूर्वा हैदरपुर थाना अजीत नगर औरैया, नितेश कुमार उर्फ अश्वनी पुत्र मनोज कुमार निवासी मनिया मऊ थाना इकदिल जिला इटावा बताया। उन्होंने अपने साथियों के नाम राजू पुत्र लल्लू निवासी उधनपुर थाना इकदिल इटावा, रिंकू पंडित पुत्र शांति स्वरूप निवासी आसई थाना इकदिल इटावा और निप्पी उर्फ नृपेंद्र पुत्र ओमकार निवासी उधनपुर थाना इकदिल इटावा व अजय बताया।