पीटर इंग्लैंड शो रूम के बाहर भी हरकत करता नजर आया था।
- फोटो : अमर उजाला
कांठ रोड स्थित सोनी शोरूम में वारदात को अंजाम देने वाले चादर गिरोह ने पीटर इंग्लैंड(कपड़े का शोरूम) में घुसने की कोशिश की थी। शोरूम का शटर मजबूत व चौराहे के नजदीक होने के कारण चोर यहां कुछ समय ही रुक पाए थे। विफल होने पर उन्होंने सोनी शोरूम को अगला टारगेट बनाया था।
जबकि पीकोठी स्थित पेट्रोल पंप के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में गिरोह के सभी चोरों की तस्वीरें साफ कैद हो गईं हैं। टैंपो से उतरने के बाद उन्होंने यहां खड़े होकर प्लान बनाया था।
आवास विकास कालोनी निवासी अंकित मिगलानी का कांठ रोड पर सोनी शोरूम है।
शुक्रवार रात करीब साढ़े नौ बजे शोरूम बंद किया गया था। करीब पौने आठ बजे चादर गैंग ने शोरूम से 11 हजार की नकदी और 8 लाख रुपये की कीमत के मोबाइल चोरी कर लिए थे। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में वारदात देखी गई थी। चादर गिरोह ने मुरादाबाद से पहले बरेली में मोबाइल शोरूम में वारदात की थी।
नये तरीके से वारदात को अंजाम देने वाले गिरोह ने पुलिस के होश उड़ा दिए हैं। गिरोह की तलाश में जुटी पुलिस ने आस पड़ोस के शोरूम और पेट्रोल के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जिससे साफ हो गया है कि गिरोह के सभी सदस्य रेलवे स्टेशन की ओर से टैंपो में आए। सभी पेट्रोल पंप पर उतर गए। यहां उन्होंने प्लान बनाया।
इसके बाद वह शोरूम की ओर चले। लेकिन उन्होंने पीटर इंग्लैंड के शोरूम में घुसने का प्रयास किया था। लेकिन चोर यहां सफल नहीं हो पाए थे। इंस्पेक्टर सिविल लाइंस डीके शर्मा ने बताया कि पीटर इंग्लैंड शोरूम में भी गैंग ने चोरी की कोशिश की थी, लेकिन सफल नहीं हो पाई। सीसीटीवी फुटेज में शोरूम के बाहर चोर दिखे।