थाना क्षेत्र के गांव सीलपुर में सोमवार की देर रात बदमाशों ने एक घर में धावा बोला। बदमाशों ने परिजनों को बंधक बनाकर कहर बरपाया और महिलाओं के जेवर उतरवा कर घर में लूटपाट की। देर रात हुई वारदात से गांव में खलबली मची रही।
कुंदरकी थाना क्षेत्र के ग्राम सीलपुर निवासी किसान मोहम्मद आरिफ पुत्र मोेहम्मद इस्माईल परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मकान के अंदर बाहर सोया हुआ था। सोमवार की देर रात में सशस्त्र बदमाश दीवार फांदकर उनके मकान में दाखिल हो गए।
बतातेे हैं कि बदमाश ने सबसेे पहले किसान मोहम्मद आरिफ को बंधक बना लिया और बाद में किसान के बेटे इकबाल, नदीम खान, पत्नी परवीन और ससुराल से आई किसान की बेटी यासमीन कोे भी डरा धमकाते हुए कब्जे में कर लिया।
किसान ने बताया कि बदमाशाें ने महिलाआें से सोने-चांदी के जेवरात उतरवा लिए और बाद में कमरे में रखी अलमारी का ताला तोड़कर उसमें से जेवर और नकदी निकाल ली। इससे उसे करीब दो लाख की चपत लगी है।
लूटपाट के बाद बदमाश तीनाें पिता-पुत्रों को अपने साथ मकान के दरवाजे के बाहर तक लेेकर आए ताकि शोर न मचा सके। इसके बाद बदमाशाें के जंगल की ओर सुरक्षित निकल जाने पर पीड़ित परिवार ने शोर भी मचाया तो ग्रामीणाें में खलबली मच गई।
मंगलवार की देर रात लूटपाट की सूचना पर कुंदरकी पुलिस पहुंची और पीड़ित से घटना की और कमरे के अंदर जाकर मौका मुआयना किया। पीड़ित परिवार की ओर से पुलिस को कार्रवाई के लिए तहरीर दे दी गई है।