दिल्ली में बड़े सेक्स रैकेट में पकड़ा गया संभल निवासी बताया जाने वाला आफाक हुसैन क्षेत्र के बड़े नेताओं के स्वागत का शौकीन रहा है। कई बार उसने अमरोहा और मुरादाबाद में मंत्रियों और विधायकों के स्वागत में पोस्टर छपवाए हैं। इस तरीके से वह हमेशा सत्ता प्रतिष्ठान के करीब जाने की जुगत में था। हालांकि यह काम वह अपने गुर्गों के जरिए करवाता था। वह खुद नेताओं के करीब जाने से बचता था।
सूत्र बताते हैं कि आफाक हुसैन ने नौगांवा सादात में एक राज्यमंत्री के अलावा, अमरोहा में एक कैबिनेट मंत्री और मुरादाबाद के एक विधायक के स्वागत में पोस्टर भी लगवाए थे। हैरत की बात यह है कि अब उसके सेक्स रैकेट में पकड़े जाने पर सभी लोग उसके नाम से ही पल्ला झाड़ रहे हैं।
कई बड़े नेताओं के करीबियों ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि ऐसे कई लोग सामने आते हैं जिनका मकसद पोस्टर छापकर, स्वागतद्वार लगाकर खुद को नेता का करीबी साबित करके सियासी और अन्य तरीके से फायदा लेना है। लेकिन सभी मंत्री-नेता से वाकिफ अथवा करीबी हों यह नहीं कहा जा सकता। कई बार तो लोग खालिस चमचागीरी की वजह से भी पोस्टर आदि लगा देते हैं।
संभल जिले की पुलिस और नेताओं ने आफाक के बारे में कुछ भी जानने से इंकार किया। उनका कहना है कि मुमकिन है कि कभी उसका संभल से कोई नाता रहा हो, लेकिन अब उसके बारे में कुछ भी नहीं पता है। मुरादाबाद, अमरोहा, नौगावां सादात में भी सियासी लोगों का कहना है कि उसने दिल्ली से ही मंत्रियों, विधायक और नेताओं के पोस्टर छपवाए हैं। उसका क्षेत्र में आनाजाना नहीं होता था।