मुरादाबाद। चुनाव से ठीक पहले मुरादाबाद में नशीली दवाइयां की बड़ी खेप पकड़ी गई है। ये दवाइयां शहर में पहुंचते ही पकड़ी गई। वरना कुछ घंटे बाद ही शहर के विभिन्न स्थानों पर इन दवाइयों की सप्लाई होनी थी। नशे के ये सौदागर शहर को ‘उड़ता मुरादाबाद’ बनाने की पूरी तैयारी कर चुके थे। इसके अलावा भी शहर में बड़े पैमाने पर चरस, स्मैक व अन्य नशीले पदार्थों की तस्करी का गोरखधंधा चल रहा है। इस धंधे में महिलाएं भी शामिल हैं। एक सप्ताह पहले सिविल लाइंस पुलिस ने दो महिलाएं गिरफ्तार कर चरस की तस्करी का खुलासा किया था। महिलाओं ने कबूला था कि वह लंबे समय से इस धंधे में हैं और एक फोन कॉल पर स्मैक व चरस ठिकानों तक पहुंचा देती हैं। तस्करों ने ये भी खुलासा किया था कि छात्र छात्राओं को भी नशीले पदार्थ बेचे जा रहे हैं। जिससे पता चलता है कि युवा पीढ़ी तेजी से नशे में फंसता जा रहा है।
चालक परिचालक की मदद से देर रात में आते थे दवाइयां
मुरादाबाद। पकड़े गए दवा व्यापारी वीरेंद्र सिंह सैनी ने पुलिस को बताया कि मुरादाबाद रोडवेज बस के चालक और परिचालक की मदद से वह इस काम को अंजाम दे रहा था। पुलिस का दावा है कि इसके दवाइयाें के सप्लायर चालक और परिचालक पांच हजार अतिरिक्त रुपये देते थे। पुलिस चालक और परिचालक की भी तलाश कर रही है।
गिरोह में महिलाएं भी शामिल
मुरादाबाद। पकड़े गए आरोपियों के साथ इस धंधे में एक महिला भी शामिल है। पुलिस ने बताया कि आकाश नाम के युवक और उस महिला की तलाश की जा रही है। जल्द ही इन आरोपियों को भी पकड़ लिया जाएगा।