बिलारी। स्थानीय कोतवाली के एक गांव में बुआ के घर रह रही किशोरी का अपहरण करने के प्रयास में रिपोर्ट दर्ज करने को पुलिस को तहरीर दी गई है। बदायूं जिले के थाना इस्लामनगर के एक गांव निवासी ग्रामीण की ओर से पुलिस को दी तहरीर में कहा गया है कि बीती 22 जून को उसके गांव का ही एक युवक उसके घर आया और चालाकी से घर में बनी सब्जी में नशीला पदार्थ मिला दिया। घर वालों के बेहोश हो जाने पर वह मौका पाकर उसकी 16 वर्षीय बेटी का अपहरण करके ले गया। रिश्तेदारों के दबाव के बाद अगले दिन उसकी बेटी को वापस कर दिया गया। बाद में उसे दूसरे गांव में बुआ के घर भेज दिया गया। मंगलवार की शाम पहुंचे उसके गांव के तीन युवकों ने उसकी नाबालिग बेटी के अपहरण की कोशिश की। शोर मचने पर मोहल्ले वालों के आ जाने पर तीनों युवक भाग गए। पुलिस का कहना है कि शिकायत की जांच की जा रही है।