महिलाओं के साथ ही मासूम बच्चियों की जिंदगी भी खतरे में पड़ गई है। जनपद में कई ऐसी बच्चियां हैं जो लंबे समय से लापता हैं लेकिन पुलिस उनकी बरामदगी नहीं कर सकी है। इसके अलावा कई ऐसी बच्चियां भी हैं, जिनकी हत्या कर शव फेंक दिया गया लेकिन पुलिस न तो उनकी शिनाख्त कर सकी न ही कातिलों को ही गिरफ्तार कर पाई है। अब भी ये रहस्य बना हुआ है कि मरने वाली किस परिवार की हैं।
मामला एक
मुरादाबाद। डेढ़ साल पहले कटघर थानाक्षेत्र में पंडित नंगला रोड पर चार साल की मासूम का शव एक प्लाट में पड़ा मिला था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ था कि मासूम की गला घाेंटकर हत्या की गई है। उसके साथ दुष्कर्म भी किया गया था। इस मामले में कटघर थाने में अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई लेकिन पुलिस न तो हत्यारे को गिरफ्तार कर सकी है न ही बच्ची के शव की शिनाख्त ही कर सकी है।
मामला दो
मुरादाबाद। सिविल लाइन थानाक्षेत्र में छह माह पहले कपूर कंपनी पुल के पास पांच साल की एक मासूम का शव पड़ा मिला था। उसकी हत्या की गई थी। इसके बाद शव को जलाने की कोशिश भी की गई। पुलिस ने आसपास के लोगों की सूचना पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया लेकिन न तो शव की शिनाख्त हो सकी न ही बच्ची की हत्या करने वाले आरोपी पकडे़ गए। पुलिस ने जांच भी लगभग बंद कर रखी है।
ऐसे तो दो साल बाद आएगा नंबर
मुरादाबाद। कपूर कंपनी पुल के पास जिस बच्ची का शव मिला है, उसके शिनाख्त के लिए पुलिस ने एक परिवार के डीएनए सैंपल लिए हैं। जिसे जांच के लिए भेजा है लेकिन प्रदेश भर में हुई अन्य मासूम बच्चियों की मौत के मामले में भी डीएनए सैंपल लिए हैं, इसलिए अभी इस डीएनए सैंपल की जांच नहीं हो सकी है। अभी 2016 में मारी गई बच्चियों के डीएनए सैंपल की जांच चल रही है।
अलग से की जाएगी पैरवी:सीओ
मुरादाबाद। सीओ राजेश कुमार ने बताया कि कपूर कंपनी पर जिस बच्ची का शव मिला है। उसके डीएनए सैंपल की जल्द जांच हो इसके लिए अलग से पैरवी की जाएगी। जल्द ही एसएसपी को अवगत कराया जाएगा और संगीन मामला होने की वजह से इस मामले में एफएसएल टीम से मांग की जाएगी कि जल्द ही इस केस में डीएनए सैंपल की जांच कर रिपोर्ट दें, जिससे की केस में आगे की जांच की जा सके।
हत्यारे पकडे़ गए लेकिन महिलाओं के शव की शिनाख्त नहीं
मुरादाबाद। छजलैट थानाक्षेत्र में हुई महिला की हत्या का पुलिस ने खुलासा तो कर दिया है लेकिन महिला की शिनाख्त करने में फेल हुई है। इससे पहले कांठ थानाक्षेत्र में भी एक महिला की हत्या कर दी गई थी, इस महिला के शव की भी शिनाख्त नहीं हो सकी है। जबकि खुलासे को छह माह से अधिक समय बीत गया है। आसपास के जनपद की पुलिस से भी मदद मांगी गई लेकिन महिलाओं के परिवार वालों का पता नहीं चल सका है।