मझोला में 10 से 14 साल के चार बच्चों ने सेल्फी के लिए अपनी जिंदगी खतरे में डाल दी। वह जान की परवाह न करते हुए 80 फीट ऊंची पानी की टंकी पर चढ़ गए। गनीमत यह रही कि चारों बच्चों पर कालोनी में रहने वाले लोगों की नजर पड़ गई, उन्होंने पुलिस को सूचना दी। चारों बच्चों को पुलिस ने पानी की टंकी से नीचे उतारा। चेतावनी दी और परिवार वालों को बुलाकर उनके सुपुर्द किया गया।
पुलिस के अनुसार, मामला शनिवार देर शाम का है। कांशीराम नगर चौकी क्षेत्र में रहने वाले चार बच्चे आपस में दोस्त हैं। वह चारों बुद्धि विहार फेस-दो स्थित पानी की टंकी पर चढ़ गए। वहां इन बच्चों को टंकी पर चढ़ने से रोकने के लिए कोई सुरक्षाकर्मी मौजूद नहीं था। चारों बच्चे 80 फीट ऊँची टंकी की छत पर चढ़ गए। उन्हें पानी की टंकी से नीचे गिरने का डर नहीं था। ये चाराें बच्चे पानी की टंकी की छत पर खडे़ होकर एक साथ सेल्फी खींचने लगे। इस बीच कालोनी में रहने वाले लोगों की चारों युवकों पर नजर पड़ी तो वह चौंक गए। चारों बच्चे सेल्फी के चक्कर में पानी की टंकी छत पर इधर उधर घूमते हुए भी नजर आए। कालोनी में रहने वाले लोगों को डर सताने लगा कि बच्चे कहीं सेल्फी के चक्कर में पानी की टंकी से नीचे न गिर पडे़ं। लोगों ने 100 नंबर पर कॉल कर पुलिस को सूचना दे दी। पीआरवी मौके पर पहुंची, चारों बच्चों को पुलिसकर्मियों ने पानी की टंकी से नीचे उतारा। उनसे पूछताछ की गई तो सेल्फी खींचने के लिए पानी की टंकी पर चढ़ना स्वीकार किया। पुलिस का कहना है कि आसपास के लोगों की सजगता से बड़ी दुर्घटना होने से बच गई ।
सोशल मीडिया पर छाने के लिए चढ़ा खतरनाक सेल्फी का खुमार
मुरादाबाद। सोशल मीडिया पर छाने के लिए बच्चों में खतरनाक सेल्फी का खुमार चढ़ रहा है। वह कभी ट्रेन के इंजन पर चढ़कर सेल्फी लेने लगते हैं तो कभी 80 फीट ऊंची पानी की टंकी पर चढ़ जाते हैं। चलती बाइक पर सेल्फी लेना हो या फिर बस के दरवाजे पर लटककर फोटो खींचना हो, बच्चों को इससे भी गुरेज नहीं है।
फेसबुक, इंस्टाग्राम सहित अन्य सोशल मीडिया पर एक से एक खतरनाक तस्वीरें देखने को मिलती हैं। इन तस्वीरों के जरिए ज्यादा से ज्यादा लाइक, कमेंट पाने की कोशिश करते हैं। कई बार इस तरह की तस्वीरें खींचने वालों की सोशल मीडिया पर खिंचाई भी होती है, लेकिन वह बाज नहीं आते हैं। इस तरह की खतरनाक सेल्फी के चक्कर में पहले हादसे भी हो चुके हैं, जिसके कारण बच्चों को अपनी जान तक गंवानी पड़ी है। मुगलपुरा में रहने वाले छात्र की करीब आठ माह पहले ट्रेन के इंजन पर चढ़कर सेल्फी लेते वक्त हाइटेंशन तार की चपेट में आकर मौत हो गई थी। इसके अलावा मझोला में संदिग्ध हालात में एक छात्र की पानी की टंकी से नीचे गिरने के कारण मौत हो गई थी। मुगलपुरा में एक बाइक सवार छात्र सेल्फी के चक्कर में जख्मी हो गया था।
‘ सेल्फी के लिए पानी की टंकी पर चार बच्चों के चढ़ने की जानकारी मिली है। इस तरह सेल्फी लेना गलत है, जान से खिलवाड़ करना जैसा है। परिवार वालों को चाहिए कि वह बच्चों को ऐसा करने से रोकें।’
अंकित मित्तल, एसपी सिटी