इज्जतनगर रेल मंडल के पीपलसाना रेलवे स्टेशन के पास शनिवार शाम मुरादाबाद- काशीपुर रेल मार्ग पर खानाबदोश परिवारों के बच्चों ने पटरियों से पेंड्रोल क्लिप निकाली थीं। भोजपुर कस्बे में रहने वाले एक व्यक्ति ने इन बच्चों को पेंड्रोल क्लिप निकालते हुए देखा था और उन्हें टोका भी था। उसने पुलिस को दिए बयान में कहा कि बारह से पंद्रह साल की उम्र के बच्चों ट्रैक पर गिट्टियां मार मारकर क्लिप निकाल रहे थे। घटना के बाद से खानाबदोश परिवार फरार हो गए।
मुरादाबाद- काशीपुर रेल मार्ग पर शनिवार पटरियों से निकाली गई पेंड्रोल क्लिप मामले में आरपीएफ काशीपुर थाने और भोजपुर थाने में रिपोर्ट दर्र्ज की गई हैं। सोमवार को इज्जतनगर रेलवे मंडल के अफसरों की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। रेल पटरियों की सुरक्षा बढ़ाने के साथ ही ट्रैक मैन और पेट्रोल मैन को ट्रैक की निगरानी बढ़ाने को कहा गया है। इसके अलावा काशीपुर आरपीएफ और जीआरपी ने पेंड्रोल क्लिप निकालने वाले लोगों की तलाश में भोजपुर और पीपसाना में छापेमारी की। भोजपुर थाना प्रभारी केशव कुमार तिवारी ने बताया कि ट्रैक के पास ही खानाबदोश परिवार रहे थे। इन परिवारों के बच्चों द्वारा ट्रैक से पेंड्रोल क्लिप निकाली गई थी। भोजपुर निवासी घनश्याम ने उन्हें पेंड्रोल क्लिप निकालते हुए देखा था। घनश्याम के डांटने पर ये बच्चे कुछ पेंड्रोल क्लिप मौके पर ही छोड़कर भाग गए थे। इसके बाद से खानाबदोश परिवार भी अपना बोरिया बिस्तर समेटकर फरार हो गए हैं। उनकी तलाश की जा रही है।