ठाकुरद्वारा। दुष्कर्म की कोशिश का मामला पंचायत में आरोपी के माफी मांगने पर निपट गया। कोतवाली के कमालपुरी डिलारी मार्ग पर स्थित गांव की एक युवती को गांव के एक युवक ने खेत से लौटते समय पकड़कर गन्ने के खेत में खींच लिया। उसके साथ दुष्कर्म की कोशिश की। शोर मचाने पर आरोपी मौके से भाग गया। जिस पर युवती ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर सीओ के यहां प्रार्थना पत्र दिया। जिस पर सीओ के आदेश पर पुलिस ने आरोपी की तलाश में उसके घर पर छापा मारा। लेकिन आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस का दबाव बढ़ने पर गांव में दोनों पक्षों की पंचायत हुई। पंचायत में आरोपी युवक को भी बुलाया गया। युवक ने अपनी गलती मानते हुए पंचायत से माफी मांगी। भविष्य में इस तरह की हरकत न करने का आश्वासन दिया। जिस पर आरोपी को माफ कर दिया गया।