बिलारी। कोतवाली क्षेत्र में पति द्वारा पत्नी का उत्पीड़न करने संबंधी घटनाओं की शिकायतों का सिलसिला जारी है। रविवार की दोपहर नगर के मोहल्ला बाजार निवासी फरहाना अपने शाहबाद निवासी मायके वालों के साथ कोतवाली पहुंची और पुलिस को तहरीर दी। फरहाना ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से दहेज की मांग को लेकर उसके ससुराल वाले आए दिन मारपीट करते हैं और खाने पीने में तंगी करते हैं। रविवार की सुबह उसके पति बब्लू और जेठ दिलशाद ने उसके साथ मारपीट कर घर से निकाल दिया और दोनों बच्चे नूर अली व फायजा उससे छीन लिए। ऐसी एक शिकायत सहसपुर निवासी छोटी ने अपने सरायतरीन संभल निवासी मायके वालों के साथ कोतवाली पहुंचकर पति इसरार के खिलाफ की। इसरार पर मारपीट का उत्पीड़न करने का आरोप लगाया। पुलिस से जानकारी करने पर पता चला कि इसरार का चालान शांतिभंग करने के आरोप में एसडीएम न्यायालय में कर दिया गया है और फरहाना की शिकायत पर पुलिस जांच कर रही है।