ठाकुरद्वारा। नगर के मोहल्ला नई बस्ती में एक धार्मिक कार्यक्रम के दौरान दो गुटों में खाना बनाने के लिए पानी भरने के विवाद में जमकर लाठी डंडे चले। जिसमें दोनों पक्षों के तीन लोग घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों के चार लोगों को हिरासत में लिया। नगर के मोहल्ला नई बस्ती में सकलीम के घर पर मिलाद का कार्यक्रम था। मिलाद संपन्न होने के बाद गुरुवार को खाना बनाया जा रहा था। खाना बनाने का कार्य मो. फरमान कर रहा था। उसने मेहमानदारी में आए बेलजूड़ी निवासी दानिश से चावल में डालने के लिए बाल्टी से पानी लाने को कहा। तो दानिश ने पानी लाने से मना कर दिया। इस बात को लेकर दोनों में कहा सुनी हो गई। कुछ देर बाद दोनों के बीच लात घूसें चलने लगे। शोर शराबा सुनकर दोनों पक्षों के लोग लाठी डंडे लेकर आ गए। जिस पर दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों के चार लोगों को हिरासत में ले लिया।