अरबाज हत्याकांड में कटघर पुलिस वारदात के तीसरे दिन भी हत्यारों को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। जबकि नामजद आरोपी घर से भागे हुए हैं। परिजनों ने बताया कि गाड़ी में संगीत बजाने को लेकर रमजान माह में उनके बडे़ बेटे का विवाद होने के बाद दूसरे पक्ष के लोग रंजिश रखते थे। जबकि अरबाज को वारदात से चार दिन पहले भी आरोपियों में से दो ने धमकी दी थी। इसके बाद वारदात को अंजाम दे दिया गया। इस मामले में नामजद आरोपियों के अलावा भी पुलिस कई संदिग्धों की तलाश में जुटी है।
अरबाज की मां नूरजहां ने बताया कि उनकी चार बेटियां है। बड़ी बेटी का रिश्ता तय करने को लेकर युवक पक्ष से बातचीत चल रही थी। वर पक्ष ने अपनी तरह से हां कह दी थी। जल्द ही इधर से भी रिश्ता पक्का किया जाने वाला था। परिवार में खुशियों का माहौल था, बहन के निकाह की तैयारी को लेकर अरबाज भी काफी खुश था। हत्यारों ने परिवार की खुशियाें को मंगलवार रात अरबाज (15) की हत्या कर छीन लिया। परिजनों का कहना है कि अरबाज की हत्या आरिस से दुश्मनी के कारण की गई है।। नामजद आरोपी उसको धमकी दे रहे थे।
........
बिजली गुल होने पर अंधेरे का फायदा उठाकर की वारदात
मुरादाबाद। मंगलवार की रात वारदात के वक्त लाइट न होने के कारण कालोनी में अंधेरा था, इसलिए अरबाज को घर से ले जाने वाले को परिवार वाले देख भी नहीं सके? आरोप है कि साजिश के तहत बिजली गुल होने पर अंधेरे का फायदा उठाकर आरोपियों ने वारदात को अंजाम दिया है।
आरिस की जान को भी खतरा
मुरादाबाद। परिवार वालों ने बताया कि हत्यारों के निशाने पर आरिस भी था, उन्होंने आरिस के न मिलने पर खुंदक निकालने के लिए अरबाज की हत्या की है। अब आरिस की जान को लेकर भी आरोपियों से खतरा बना हुुआ है। परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है। सांत्वना देने के लिए आसपास के लोग उनके घर पहुंच रहे हैं।
दहशत में बच्चे नहीं गए स्कूल, घरों में हुए कैद
मुरादाबाद। अरबाज की कूरता पूर्वक की गई हत्या के बाद बरबाला खास में आसपास के घरों में रहने वाले बच्चे भी खौफजदा है। इनमें से कुछ तो डर की वजह से घर में कैद हो गए हैं, जो बृहस्पतिवार को स्कूल भी नहीं गए। घटनास्थल गली के बिल्कुल नुक्कड़ पर है, जहां से गुजरते वक्त भी बच्चे सहम रहे हैं। अरबाज के परिवार वालों के साथ ही आसपास के लोगों ने भी वारदात का जल्द खुलासा किए जाने की मांग की है।
नामजद आरोपी घर छोड़कर भागे, रामपुर में दबिश
मुरादाबाद। अरबाज की हत्या के मामले में नामजद आरोपियों के घर पुलिस ने दबिश दी तो वह घर से भागे हुए मिले हैं। नामजद आरोपियों में रामपुर के भी युवक हैं, जिनकी तलाश में पुलिस की एक टीम बृहस्पतिवार को वहां पर गई। हालांकि देर रात तक सफलता नहीं मिली है। आरोपियों के रिश्तेदारों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है, जिससे की उनको पनाह देने वालों का पता चल सके।
रंजिश के अलावा भी अन्य बिंदु पर कर रहे हैं जांच: एसएसपी
मुरादाबाद। एसएसपी जे रविंद्र गौड ने बताया कि रंजिश के अलावा भी कई बिंदु पर जांच की जा रही है। तीन टीमों को वारदात के खुलासे के लिए लगाया गया है। हमलावरों की रंजिश अरबाज से नहीं थी, फिर भी इतनी क्रूरता पूर्वक तरीके से वारदात को करने के पीछे की वजह परिवार वालों में खौफ बनाना लग रहा है, उम्मीद है कि जल्द ही आरोपी गिरफ्तार कर लिए जाएंगे, कुछ संदिग्धों के बारे में पुलिस को जानकारियां हासिल हुई हैं।