ठाकुरद्वारा। विदेश भेजने का झांसा देकर चार बेरोजगार युवकों से करीब दो लाख रूपए की ठगी कर ली। ठगी का शिकार लोगों ने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। कोतवाली के गांव भायुपर निवासी बाबू पुत्र अब्दुल वहीद ने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर कहा कि जनपद बिजनौर के थाना अफजलगढ़ के गांव मीरापुर वीरान निवासी ने बेरोजगार युवकों को विदेश भेजने के लिए एक कंपनी खोल रखी है। जो लोगों को अच्छे वेतन पर विदेश भेजने का झांसा देते है। जानकारी मिलने पर उसने, गांव के मौ. इमरान, शमशाद, इरफान ने कथित ट्रैवल एजेंट से संपर्क किया। जिस पर चारो ने उससे संपर्क किया। तो उसने एक माह के भीतर उन्हें विदेश भिजवाने का आश्वासन दिया। पासपोर्ट व अन्य खर्च के नाम पर उनसे 20-20 हजार रूपए ले लिए। इसके बाद उसने उन्हें बताया कि वीजा और अन्य खर्च के लिए और पैसे की जरूरत है। तो उसने इमरान से 9900 और एक लाख 50 हजार रूपए, शमशाद से 25 हजार रूपए अपने बैंक खाते में डलवाए। एक माह के भीतर चारों को विदेश भिजवाने का आश्वासन दिया। लेकिन काफी समय बीत जाने के बाद भी उन्हे न तो वीजा दिया और न ही विदेश भेजा। जिस पर उन्हें अपने साथ हुई धोखाधड़ी का पता लगा। उन्हाेंने आरोपी से अपने रूपए वापस मांगे तो उसने रूपए देने से इंकार कर दिया। दुबारा पैसे मांगने पर जान से मारने की धमकी दी।