उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य अवनी सिंह ने सर्किट हाउस में पीड़ित महिलाओं की सुनवाई करते हुए पुलिस को पीड़िताओं को इंसाफ दिलाने के निर्देश दिए। उन्हाेंने कहा कि सिर्फ एफआईआर दर्ज करना ही पर्याप्त नहीं है, पीड़ित महिलाओं को न्याय दिलाने तक पुलिस अपनी भूमिका ठीक से निभाए।
सर्किट हाउस में 13 प्रकरणों की सुनवाई करते हुए महिला आयोग की सदस्य अवनी सिंह ने संबंधित अफसरों को कार्रवाई करने के निर्देश दिए। नागफनी क्षेत्र की एक महिला ने आवंटन के बावजूद मकान पर कब्जा नहीं मिलने की शिकायत की। जिस पर आयोग की सदस्य ने पुलिस और राजस्व विभाग की टीम को मौके पर जाकर कब्जा दिलाने के निर्देश दिए। पुलिस - प्रशासनिक अधिकारियों को उन्होंने निर्देश दिए कि किसी भी सूरत में महिलाओं का उत्पीड़न नहीं होने दें। आयोग की सदस्य ने कहा कि महिलाएं भी अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहें। जिला प्रोबेशन अधिकारी को निर्देश दिए कि जन जागरूकता के लिए होर्डिंग / बैनर लगवाए जाएं। भगतपुर की महिला ने शिकायत की कि ससुराल वाले उसे परेशान कर रहे हैं। कोतवाली क्षेत्र की एक महिला ने शिकायत की कि एक युवक ने पहली पत्नी से तलाक का झांसा देकर उससे शादी कर ली। अब वह अपने साथ रखने से मना कर रहा है। आयोग की सदस्य ने पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए। असमोली क्षेत्र की एक महिला ने सौतेले बेटे द्वारा जमीन पर कब्जा करने की शिकायत की, जिस पर आयोग की सदस्य ने पुलिस अधीक्षक संभल को कार्यवाही करने के निर्देश दिए हैं। उन्हाेंने अधिकारियों से कहा कि संवेदनशील रहकर महिलाओं को न्याय दिलाएं। सुनवाई के दौरान एसीएम प्रथम खालिद अंजुम, सीओ सिविल लाइंस राजेश कुमार सिंह आदि उपस्थित थे।