ठाकुरद्वारा। जिलाधिकारी के आदेश पर नगर की कांशीराम कालोनी में आवासों पर अवैध कब्जे की जांच नगर पालिका की टीम ने शुरू कर दी है। नगर में स्थित कांशीराम कालोनी में 204 आवास है। जिनमें से 144 आवासों का आवंटन लाभार्थियों को किया गया है। जबकि शेष 60 आवासों पर अवैध कब्जा किया गया है। इस संबंध में कुछ संगठनों ने शिकायत कर अधिकारियों को ज्ञापन दिया था। जिस पर डीएम के आदेश पर नगर पालिका ने कालोनी के आवासों पर किए गए अवैध कब्जों की जांच शुरू कर दी गई है। नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी पुनीत कुमार ने बताया कि अब तक 60 आवासों की जांच की जा चुकी है। उन्होंने ऐसे लोगों से तीन दिन के भीतर कालोनी से अवैध कब्जा हटाकर आवास खाली करने की चेतावनी दी हैं। अधिशासी अधिकारी ने कहा कि यदि उन्होंने तीन दिन के भीतर आवास से अवैध कब्जा नहीं हटाया तो नगर पालिका अपने स्तर से स्वयं अवैध कब्जा हटवा देगी।