मुरादाबाद।
कानपुर में कार्यरत एक सिपाही पर महिला स्टेनो ने दुष्कर्म का आरोप लगाया है। इस संबंध में एसएसपी कार्यालय में शिकायत की गई है। एसएसपी ने महिला थानों को जांच सौंपी है। मेरठ में रहने वाला एक सिपाही वर्तमान में कानपुर में कार्यरत है। उसने दो साल पहले प्रशिक्षण मुरादाबाद में लिया है। आरोप है कि प्रशिक्षण के दौरान ही उसकी दोस्ती बिजनौर निवासी एक युवती से हो गई। युवती यहां पर एक कोचिंग संस्थान में पढ़ती थी। आरोप है कि सिपाही ने युवती से दोस्ती का फायदा उठाया और उसका शारीरिक शोषण किया। युवती वर्तमान में पुलिस विभाग में स्टेनो के पद पर कार्यरत है। उसने इस संबंध में शिकायत की तो महिला थाना पुलिस ने जांच शुरू की। एसएचओ महिला थाना रजनी द्विवेदी ने बताया कि सिपाही के खिलाफ स्टेनो ने मुरादाबाद के अलावा मेरठ में भी शिकायत की थी। मेरठ में इस मामले की जांच पूर्व में हो चुकी है, जिसमें दोनों पक्षों का समझौता हो गया है। आरोपी पक्ष ने इस मामले में मेरठ में हुए समझौतेनामे को भी जांच अधिकारी को दिखाया है। इस वजह से इस मामले में सिपाही के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई है।