मुरादाबाद। कच्चा बनियान गिरोह एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मूंढापांडे के दलपतपुर में रहने वाले अकाउंटेंट के घर में शुक्रवार देर रात गिरोह के तीन बदमाशों ने धावा बोल दिया। लूट का विरोध करने पर उन्होंने अकाउंटेंट और उसकी पत्नी को लाठी, डंडों से पीटा। इस दौरान बदमाशों के चंगुल से छूटकर किसी तरह अकाउंटेंट की पत्नी ने छत पर चढ़कर शोर मचा दिया। जाग होेने पर बदमाश घर का दरवाजा खोलकर भाग गए। जानलेवा हमले में अकाउंटेंट का सिर फट गया, उनको गंभीर चोट आई है। अस्पताल में भर्ती हैं।
अकाउंटेंट सतेंद्र दलपतपुर में रहते हैं। उन्हाेंने बताया कि रात डेढ़ बजे वह पत्नी बबली और बेटी मानसी के साथ घर में सो रहे थे। घर में दरवाजे, खिड़की अभी नहीं लगवाए हैं। इस दौरान ही तीन बदमाश छत के रास्ते घर के अंदर दाखिल हो गए थे। इनमें से दो ने कच्छा बनियान पहना हुआ था, चेहरे खुले थे। तीसरे बदमाश ने पैंट और शर्ट पहन रखी थी। बदमाशों ने घर में लूटपाट की कोशिश की, विरोध करने पर बबली और सतेंद्र को डंडों से पीटा। सतेंद्र का सिर फट गया, हालत गंभीर बनी हुई है। उनको अस्पताल में भर्ती कराया गया है। परिवार वालों ने थाने में शिकायत की है। एसएचओ मूंढापांडे अजय गौतम ने बताया कि वारदात की सूचना पर 15 मिनट के अंदर ही पुलिस पहुंच गई थी, दंपती को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एसएचओ ने बताया कि तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ घर के अंदर घुसकर जानलेवा हमले की शनिवार रात रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।