पाकबड़ा (मुरादाबाद)। पाकबड़ा थाने के गांव लोधीपुर - राजपूत में मंगलवार तड़के चोरों ने एक बैंक मैनेजर के घर से 20 तोला सोना, एक किलो चांदी और एक लाख रुपये की नकदी समेत करीब 15 लाख रुपये का सामान चोरी कर लिया। बैंक मैनेजर हरदोई में तैनात हैं। उनके पैतृक घर में उनके बड़े भाई और परिवार रहता है। घटना से पहले गांव में रात एक बजे बदमाशों के घुसने का शोर भी मचा था। तब यह परिवार भी जाग गया था। इससे साफ है कि घटना रात एक बजे के बाद की है। सुबह जागने पर परिजनों को घटना की जानकारी हुई। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करके संदिग्धों से पूछताछ शुरू कर दी है।
लोधीपुर राजूपूत गांव में किसान अमरजीत सिंह का मकान है। उनके छोटे भाई अजीत सिंह हरदोई में बैंक मैनेजर हैं। परिजनों का कहना है कि उनका सामान भी इसी पैतृक घर में रखा था। मंगलवार रात घर पर अमरजीत सिंह उनकी पत्नी शिम्पल और मां रामकली देवी मकान की दूसरी मंजिल पर सो रहे थे। जबकि घर के आंगन में दो नौकर सो रहे थे। मंगलवार रात करीब एक बजे गांव में बदमाशों के घुसने का शोर मचा तो अमरजीत की भी आंख खुल गई। पूरा परिवार जाग गया। घर के दरवाजे चेक किए और करीब दो बजे फिर से सभी सो गए। बुधवार सुबह करीब पांच बजे परिवार की आंख खुली तो कमरों के दरवाजे खुले पड़े थे। अलमारियों के ताले और लॉकर टूटे पड़े थे। अलमारी में रखे जेवर, नगदी और घर का कीमती सामान गायब था। परिजनों का मानना है कि रात में किसी समय चोर घर के अंदर घुसे और दूसरी मंजिल पर पहुंचकर वारदात को अंजाम दिया। किसान ने तुरंत घटना की सूचना पुलिस को दी। जांच - पड़ताल के बाद पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। घटना में इस्तेमाल किया गया सब्बल और एक डंडा मौके पर ही पड़ा मिला है। अमर जीत सिंह ने बताया की वह रात दस बजे खेत से दोनों नौकरों के साथ घर वापस आए थे। खाना खाकर परिवार के साथ सोने चले गया। गर्मी के कारण वह ऊपरी मंजिल पर आंगन में सो रहे थे। एसओ पाकबड़ा नीरज शर्मा ने बताया कि कुछ संदिग्ध लोगों से पूछताछ की जा रही है।