नागफनी थानाक्षेत्र में रहने वाली दो किशोरियों से शुक्रवार सुबह छेड़खानी को लेकर बवाल हो गया। हद तो तब हो गई जब विरोध जताने पर दोनों किशोरियों और उनके पिता को आरोपियाें ने पुलिस के सामने पीटा। पुलिस किशोरियों को बचाने में जुटी रही और आरोपी पुलिस के सामने ही भाग गए।
मामला दो समुदाय का होने के कारण क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई। करीब एक घंटे तक थानों में गहमा गहमी और हंगामा हुआ। बाद में पीड़ित परिवार की शिकायत पर पुलिस ने एनसीआर दर्ज कर ली । देर शाम इस मामले में शाम को पंचायत हुई, जिसमें दोनों समुदाय के प्रभावशाली लोग मौजूद रहे। करीब एक घंटे की पंचायत के बाद सहमति बनी और आरोपियों ने माफी मांगी। उसी के बाद पीड़ित पक्ष ने समझौता कर लिया। हालांकि पुलिस ने समझौते को न मानते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, दूसरे की तलाश की जा रही है।
नागफनी थानाक्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने बताया कि शुक्रवार सुबह उसकी दो बेटियां घर के बाहर दरवाजे के पास सफाई कर रही थीं। इसी दौरान रामगंगा नदी की ओर से रेता से लदी बैल बुग्गी लेकर सुलेमान उर्फ कांडे आ गया। उसने पीड़ित की बेटियों को देखकर छेड़खानी की। पिता ने विरोध किया तो गाली गलौज की। मामला बढ़ने पर आरोपी ने पहले पीड़ित को पीटा और विरोध जताने पर उसकी बेटियों को भी पीटा। इस दौरान आरोपी के परिजन भी आ गए और उन्होंने पूरे परिवार को घर से खींचकर चौराहे पर लाकर पीटा। चीख-पुकार सुनकर आस पड़ोस के लोग जुट गए। हंगामा बढ़ने पर थाने से भी पुलिस पहुंच गई। इस बीच हमलावर मौके से फरार हो गए। पुलिस पीड़ित परिवार को थाने ले गई और पिता और दो बेटियों का मेडिकल कराया। एसएचओ नागफनी नरेश कुमार ने बताया कि शिकायत पर कांडे उर्फ सुलेमान और जाहिद के खिलाफ एनसीआर दर्ज की गई है। इनमें से सुलेमान को मारपीट एवं शांति भंग केआरोप में गिरफ्तार कर लिया गया है।