शराब के लिए रुपये नहीं देने पर युवक की पीट पीटकर हत्या
मृतक के भाई की तहरीर पर गांव के ही दो सगे भाइयों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट
अमरउजाला ब्यूरो
धनारी/चंदौसी(संभल)।
थाना धनारी क्षेत्र के गांव भिरावटी में मंगलवार की रात करीब नौ बजे शराब के लिए रुपये नहीं देने पर पीट पीटकर हत्या कर दी गई। भिरावटी गांव निवासी कुंवर पाल सिंह (25) के सिर में गंभीर चोट लगने से इलाज के दौरान मौत हुई है। पुलिस ने कुंवर पाल सिंह के भाई नेकसे की तहरीर पर गांव के ही दो युवकों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
थाना क्षेत्र के भिरावटी गांव निवासी कुंवर पाल सिंह (25) पुत्र रामफल मंगलवार को शाम पांच बजे अपने घर से भिरावटी चौराहे पर किसी काम से गया था। चौराहे पर गांव के ही रामपाल व खेमकरन शराब पी रहे थे। कुंवर पाल सिंह के भाई नेकसे ने बताया कि दोनों युवक शराब पीने के लिए दबाव बनाने लगे। इसके बाद शराब मंगाने के लिए रुपये मांगने लगे। विरोध करने पर दोनों युवकों ने कुंवर पाल के साथ मारपीट शुरू कर दी। नेकसे ने बताया कि दोनों ने कुंवर पाल का सिर ईंटों से कुचल दिया। सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे। इलाज के लिए अस्पताल लेकर गए। चिकित्सक ने स्थिति गंभीर होने पर संभल रेफर कर दिया। इलाज के लिए ले जाते समय रास्ते में कुंवर पाल सिंह की मौत हो गई। परिवार में मौत से कोहराम मच गया। पुलिस ने कुंवर पाल सिंह के भाई नेकसे की तहरीर पर रामपाल व खेमकरन पुत्र गंगा सहाय के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। थानाध्यक्ष अता मोहम्मद ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए दबिश दी गई है। फिलहाल आरोपी पुलिस की पकड़ से दूर हैं।
चार मासूमों की परवरिश का गहराया संकट
चंदौसी। परिवार में कुंवर पाल सिंह की मौत के बाद चार मासूमों की परवरिश का संकट गहरा गया है। पत्नी बच्चों का रो रोकर बुरा हाल है। ग्रामीण और रिश्तेदार ढांढस बंधा रहे हैं। कुंवर पाल सिंह की पत्नी का कहना है कि दोनों आरोपी उनके पति से रंजिश मानते थे। इसलिए सुनियोजित ढंग से हत्या की गई है।
--------------------------------
फोटो के साथ