यूपी और उत्तराखंड में जहरीली शराब पीने से हुई लोगों की मौत के बाद पुलिस की टीमें लगातार अवैध शराब विक्रेताओं की तलाश कर रही हैं। सोमवार को भी कई जगह दबिश देकर कर पुलिस ने अवैध शराब बरामद की और नौ लोगों को गिरफ्तार किया है।
ठाकुरद्वारा पुलिस ने महमूदपुर केसां में दबिश देकर कंचन सिंह और प्रेम सिंह को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से पुलिस को 40 लीटर कच्ची शराब बरामद हुई है। सिविल लाइन पुलिस ने भातू कालोनी में दबिश देकर हरीश और जबर सिंह को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 40 लीटर कच्ची शराब बरामद की। मूंढापांडे में पुलिस ने नव्वा नगला गांव से कुंवरपाल, भगवानदास और वीर सिंह को दस लीटर अवैध शराब के साथ गिरफ्तार किया है। कांठ पुलिस ने तेजपाल को दयानंद कालेज के पास से 10 लीटर कच्ची शराब और शराब बनाने के उपकरणों के साथ गिरफ्तार किया है। भोजपुर पुलिस ने ओमपाल को 15 लीटर कच्ची शराब के साथ गिरफ्तार किया है।