अमर उजाला ब्यूरो
मुरादाबाद।
सिविल लाइन में रहने वाली पालीटेक्निक की छात्रा का फेसबुक पर फेक अकाउंट बनाकर उसे बदनाम करने वाला युवक छात्रा का पूर्व फेसबुक फ्रेंड है। वह शादीशुदा है, उसका लव प्रपोजल छात्रा ने ठुकरा दिया तो आरोपी ने उसे बदनाम करने के लिए फेसबुक पर फेक अकाउंट बनाकर छात्रा को बदनाम किया था। पुलिस की टीम आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है, जल्द ही उसे गिरफ्तार कर जेल भेजने का आश्वासन दिया गया है।
छात्रा ने बताया कि वह मूलरूप से बाराबंकी रहने वाली है। दो साल पहले वह अपनी स्कूल फ्रेंड की फेसबुक आईडी का पासवर्ड उससे मांगकर यूज करती थी। इस दौरान छात्रा की फ्रेंड के दोस्त अखिलेश चौधरी से उसकी फेसबुक पर बातचीत शुरू हुई। आरोप है कि अखिलेश ने छात्रा की पर्सनल फेसबुक आईडी खुद बनाई थी, जिसका पासवर्ड उसे बता दिया था। इसके बाद छात्रा नई फेसबुक आईडी से अखिलेश चौधरी से बात करने लगी। उसने खुद को कुंवारा बताया था। आरोप है कि करीब एक साल तक दोनों बात करते रहे, इस दौरान अखिलेश ने छात्रा से प्यार का इजहार किया। छात्रा ने इस संबंध में अपनी स्कूल फ्रेंड को बताया तो उसे पता चला कि अखिलेश शादीशुदा है। अखिलेश की पोल खुलने के बाद छात्रा ने उसका लव प्रपोजल ठुकरा दिया। आरोप है कि इस वजह से अखिलेश उससे रंजिश रखता है।
आरोपी ने छात्रा को धमकी दी कि वह छात्रा को बदनाम कर देगा। इस वजह से आरोपी ने छात्रा को बदनाम करने के लिए पहले उसकी ही फेसबुक आईडी से अश्लील कमेंट किए। इसके बाद पुलिस ने शिकायत मिलने पर जब वह आईडी बंद करवा दी तो आरोपी ने नई आईडी बनाकर उसे बदनाम करना शुरू कर दिया है। छात्रा की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की है। एसएसपी ने बताया कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
आरोपी ने छात्रा से मांगी थी एक लाख रुपये की रंगदारी
अखिलेश ने छात्रा का फेसबुक अकाउंट बनाया था। अकाउंट बनाने के दौरान उसने अपना मोबाइल नंबर और जीमेल अकाउंट छात्रा की फेसबुक आईडी बनाने के लिए यूज किया था। इस वजह से छात्रा ने फेसबुक का पासवर्ड बदल दिया तो भी आरोपी नया पासवर्ड डालकर उस फेसबुक आईडी को दोबारा से चालू कर यूज करने लगता। आरोपी ने छात्रा से एक लाख रुपये की रंगदारी मांगी है। आरोपी के खिलाफ रंगदारी मांगने का भी मामला दर्ज किया गया है।